29 जुलाई को खत्म हो रहा आनंदीबेन पटेल का कार्यकाल – कौन होगा यूपी का नया राज्यपाल ?

लखनऊ, 25 जुलाई। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल का कार्यकाल 29 जुलाई को खत्म हो रहा है। दूसरी बार सत्ता में आने के बाद मोदी सरकार ने आनंदीबेन पटेल को मध्य प्रदेश से हटाकर उत्तर प्रदेश का राज्यपाल 29 जुलाई 2019 को नियुक्त किया था। अब उनका कार्यकाल अगले सोमवार को पूरा हो रहा है, सूबे के सियासी इतिहास में अभी तक किसी भी राज्यपाल को लगातार दूसरा कार्यकाल नहीं मिला है। उत्तर प्रदेश में 29 जुलाई को बतौर राज्यपाल कार्यकाल पूरा करने वाली 8वीं गवर्नर हांेगी आनंदीबेन पटेल। ऐसे में देखना होगा कि आनंदीबेन पटेल इतिहास रचती हैं या फिर नए गवर्नर की नियुक्त तक उन्हें कुछ दिनों का विस्तार देकर संवैधानिक पद पर बनाए रखा जाएगा?
आनंदीबेन पटेल 2014 में गुजरात की मुख्यमंत्री बनी थीं। इसके बाद मोदी सरकार ने आनंदीबेन पटेल को जनवरी 2018 को मध्य प्रदेश का राज्यपाल नियुक्त किया था। एमपी की गवर्नर रहते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ का कार्यभार भी संभाला था। इसके बाद मोदी सरकार जब दूसरी बार सत्ता में आई तो देश के कई राज्यों में राज्यपाल की नियुक्तियां की गईं, जिसमें लालजी टंडन को मध्य प्रदेश का गवर्नर नियुक्त किया तो आनंदीबेन पटेल को उत्तर प्रदेश का राज्यपाल बना दिया।