ग्रामवासी बोले हमारे सरपंच 4 वर्षों से लापता

नरसिंहपुर, 28 जून। जिले की नोनी ग्राम पंचायत के सरपंच, शंकर उईके पर ग्राम वासियों ने आरोप लगाया कि विगत चार वर्षों से सरपंच ग्राम पंचायत से लापता हैं। पंचायत के सभी कार्य उपसरपंच करते हैं। ग्राम वासियों ने बताया कि विभिन्न परेशानियों को लेकर कई बार सरपंच से मिलने की गुहार लगा चुके हैं लेकिन सरपंच मिलते ही नहीं।

उक्त मामले में जब सरपंच से चर्चा की गई तो उपसरपंच देवेन्द्र दुबे आगे आते हुए कहते हैं कि ग्राम वासी झूठ बोल रहे हैं। आरोप को सिरे से खारिज करते हुए देवेन्द्र दुबे ने बताया कि ऐसा कुछ भी नहीं है, सरपंच ग्राम पंचायत में ही हैं। सांसद निधि से सुनिश्चत स्थान पर सड़क नहीं बनने एवं स्थान में परिवर्तन पर उन्होंने कहा मिट्टी में सीसी रोड निर्माण नहीं हो सकता इसलिए सड़क दूसरी जगह बनवाई गयी। लापता होने के सवाल पर सफाई देते हुए सरपंच शंकर उईके बोले कि वे केवल लॉकडाउन के समय दूसरे गांव में थे, बाकी सभी दिनों वे अपनी ग्राम पंचायत में ही हैं।