लोकसभा में अमृतपाल के पक्षधर बने चरणजीत सिंह चन्नी- कांग्रेस ने काटी कन्नी
नई दिल्ली, 25 जुलाई। कांग्रेस सांसद चरणजीत सिंह चन्नी ने लोकसभा में बजट पर चर्चा के दौरान अमृतपाल सिंह की वकालत की। बीजेपी पर हमलावर होते हुए चन्नी बोले इस समय देश में ‘आर्थिक आपातकाल’ और ‘अघोषित आपातकाल’ लगा है। हाल में संपन्न लोकसभा चुनाव के संदर्भ में उन्होंने कहा, ‘‘यह आपातकाल ही है कि पंजाब में 20 लाख मतदाताओं द्वारा निर्वाचित एक संसद सदस्य को राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) के तहत निरुद्ध रखा गया है। वह यहां अपने क्षेत्र के लोगों की बात नहीं रख सकते। अब इसको लेकर बीजेपी हमलावर है, सांसद चन्नी के इस बयान से कांग्रेस के भी कुछ नेता उनसे नाखुश हैं। कांग्रेस सांसद चरणजीत सिंह चन्नी के इस बयान से कन्नी काटते हुए कांग्रेस इसे उनके निजी विचार करार दे रही है।
गौरतलब है कि कांग्रेस सांसद चरणजीत सिंह चन्नी के इस बयान ने विपक्षी खेमे में हलचल मचा दी है। चन्नी ने सदन में कहा कि एक सांसद को राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम के तहत जेल में रखना अघोषित आपातकाल है। सत्ता पक्ष का कहना है कि चन्नी ने जेल में बंद खालिस्तानी समर्थक अमृतपाल सिंह के लिए ये जिक्र किया है। इससे साबित होता है कि कांग्रेस खालिस्तानियों के साथ है। अब चन्नी की बात को कांग्रेस उनके निजी विचार करार दे रही है।
पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और मौजूदा सांसद चन्नी ने लोकसभा में बजट पर चर्चा के दौरान कहा कि बीजेपी के लोग 1975 के आपातकाल की बात करते हैं. मगर, इस समय देश में आर्थिक आपातकाल और अघोषित आपातकाल लगा हुआ है. पंजाब में 20 लाख मतदाताओं द्वारा निर्वाचित सांसद को राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत जेल में रखा गया है. ये सब कहते हुए चन्नी ने किसी का नाम नहीं लिया, लेकिन बीजेपी नेताओं का दावा है कि कांग्रेस सांसद चन्नी खडूर साहिब लोकसभा से सांसद चुने गए अमृतपाल सिंह का जिक्र कर रहे थे।
बताया जा रहा है कि चन्नी के बयान से कांग्रेस के कई सांसद नाखुश हैं। नाखुश सांसदों में पंजाब के भी सांसद हैं। पार्टी अनुशासन के चलते फिलहाल ये सांसद खुलकर नहीं बोलना चाहते हैं। इन सांसदों का मानना है कि देश और पंजाब में कांग्रेस आतंकवाद से लड़ी है। पार्टी के तमाम कार्यकर्ताओं-नेताओं ने अपने परिजनों को खोया है। ऐसे में इस तरह का अटपटा बयान कांग्रेस की तरफ से नहीं आना चाहिए. उधर, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा है कि चन्नी के इस बयान को दुर्भाग्यपूर्ण है। इंदिरा गांधी की हत्या करने वाले खालिस्तानियों को चन्नी का खुला समर्थन मिला है। गिरिराज ने कहा कि इससे साफ होता है कांग्रेस खालिस्तानियों के साथ है। यह देश की अखंडता पर हमला है. उनके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।