उप्रः अखिलेश यादव का मानसून आफर, 100 विधायक लाओ सरकार बनाओ

लखनऊ, 18 जुलाई। उत्तर प्रदेश में जल्द ही 10 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होने वाले हैं जिसके मद्देनजर बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चैधरी ने दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात कर यूपी में सरकार और संगठन के बीच मौजूदा खींचतान और लोकसभा चुनाव में मिली हार की रिपोर्ट सौंपी दी है। लोकसभा चुनाव के चिंताजनक नतीजे के बाद से बीजेपी और सहयोगी पार्टी के नेता यूपी सरकार के कामकाज पर सवालिया निशान लगा रहे हैं।
लोकसभा चुनावों में बीजेपी का चुनावी प्रदर्शन और नतीजों के चिंताजनक आंकड़ों ने बीजेपी नेताओं में उपचुनाव को लेकर टेंशन बढ़ा दिया है। बहरहाल यूपी में 10 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव को देखते हुए बीजेपी आलाकमान से लेकर राज्यस्तीय संगठन सहित सभी नेता राजनीतिक समीकरण साधने के भरसक प्रयास में जुटते नजर आ रहे हैं। गौरतलब है कि सीएम योगी और डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के बीच सियासी मनमुटाव की चर्चा को लेकर विपक्षी दलों को बीजेपी पर टारगेट करने का मौका मिल गया है। सपा और कांग्रेस इस मौके को अपने पक्ष में भुनाने में लगी है। कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी ने कहा कि यूपी में बीजेपी ने जो हश्र कल्याण सिंह का किया था और अब उसी फॉर्मूले को फिर से अपनाया जा रहा है। इस बार देखना होगा कि कौन कल्याण सिंह बनता है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भी केशव प्रसाद मौर्य का नाम लिए बगैर कहा कि मानसून ऑफर 100 विधायक लाओ सरकार बनाओ। इतना ही नहीं एक दिन पहले उन्होंने कहा था कि बीजेपी में यह लड़ाई सीएम की कुर्सी को लेकर हो रही है।