स्कूल वैन और ट्रक में भिड़ंत, एक छात्रा की मौके पर मौत

जयपुर, 19 जुलाई। राजस्थान के बारां जिले में गुरुवार को एक स्कूल वैन और ट्रक के बीच अंता कस्बे के मोलखी रोड पर भीषण टक्कर में 11वीं कक्षा में पढ़ने वाली छात्रा विनिता नागर (16) निवासी बड़वा की मौके पर ही हुई मृत्यु हो गई। घटना में 3 अन्य छात्र मोहित नागर (16), राधिका गोचर (15), ध्रुव नागर (15) गम्भीर रूप से घायल हुए हैं। छात्रों को अंता उपजिला अस्पताल ले जाया गया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद 2 छात्रों राधिका और ध्रुव को इलाज के लिए कोटा महाराव भीम सिंह हाॅस्पिटल रेफर कर दिया। एक छात्रा राधिका गोचर का इलाज उप जिला अस्पताल में चल रहा है।

गौरतलब है कि पुलिस ने ट्रक जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया है। उक्त घटना की सूचना मिलते ही बारां एसपी राजकुमार चैधरी भी घायलों के इलाज की जानकारी लेते अंता उप जिला अस्पताल पहुंचे। वहीं उपखण्ड अधिकारी अंता संजना जोशी ने भी घायलों की जानकारी ली। प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्रक ड्राइवर लहराते हुए ट्रक को चल रहा था। ऐसे में सामने से आ रही स्कूली बच्चों की वेन को टक्कर मार दी। पुलिस के मुताबिक, पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया और मामले की जांच जारी है।