दिल्लीवासी उमस और चिपचिपी गर्मी से परेशान, बादलों ने मुंह फेरा
नई दिल्ली, 18 जुलाई। देश की राजधानी दिल्ली में इन दिनों लोग बारिश न होने से काफी परेशान हैं। हल्की बूंदाबांदी ने दिल्ली में उमस भरी गर्मी को और बढ़ा दिया है। लोग तेज बारिश को तरस रहे हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, आज के साथ-साथ पूरे सप्ताह दिल्ली में बारिश की भविष्यवाणी की गई है। बीते दिनों दिल्ली में काले बादलों ने डेरा डाल रखा था जिससे प्रतीत हो रहा था कि अब बदरा दिल्ली पर मेहरबान होकर दिल्ली को पानी-पानी करने का मन बना चुके हैं।
एक ओर जहां पहाड़ों पर बारिश के कारण गंगा नदी में जलस्तर बढ़ने का अलर्ट जारी किया गया है, गंगा नदी में पानी बढ़ने से पहड़ों के साथ-साथ मैदानी इलाकों में नदी के किनारे बसे लोगों की परेशानी बढ़ सकती है, गंगा नदी के किनारे बसे लोग इसके उफान आने से पहले बाढ़ प्रभावित क्षेत्र को खाली करने के लिए मजबूर हैं, वहीं दूसरी दिल्लीवासी जो तेज बारिश को तरस रहे हैं। मौसम विज्ञानियों की मानें तो दिल्ली वालों को अभी और कुछ दिन हल्की बूंदा-बांदी से काम चलाना पड़ सकता है, क्यों अभी तेज बारिश के आसार नहीं बनते नजर आ रहे हैं।