छात्रों के बीच हुई चाकूबाजी से भड़की हिंसा – धारा-144 लागू
उदयपुर, 16 अगस्त। राजस्थान के उदयपुर शहर में दो छात्रों के बीच चाकूबाजी की घटना के बाद हिंसा भड़क गई। शुक्रवार दोपहर खांजीपीर में रहने वाला किशोर चाकू लेकर विद्यालय आया। यहां भट्टियानी चैहट्टा स्थित सरकारी विद्यालय के दसवीं के छात्रों में विवाद हो गया था। इसके बाद एक किशोर ने दूसरे को चाकू मारकर घायल कर दिया। इससे वो नीचे गिर पड़ा और लहूलुहान हो गया। आनन-फानन घायल बच्चे को साथी छात्रों और टीचर ने स्कूटी पर बैठाकर अस्पताल पहुंचाया। इसी बीच घायल बच्चे को अटैक आने पर कार्डियोलॉजी में शिफ्ट किया गया। इसी बीच परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। चाकूबाजी की इस घटना के बाद हिंसा भड़क उठी शहर में दहशत का माहौल है। इस घटना में एक छात्र घायल हुआ है। शहर में कई जगह आगजनी हुई है। आक्रोशित लोगों ने बाजार बंद करवाते हुए कई जगह तोड़फोड़ की भी घटनाओं को अंजाम दिया है।
गौरतलब है कि करीब आधा दर्जन से अधिक वाहनों में आग लगाई है। हजारों की संख्या में लोग एमबी चिकित्सालय पहुंच गए हैं। वहां भी जोरदार हंगामा किया। सूचना पर सांसद मन्नालाल रावत, शहर विधायक ताराचंद जैन, ग्रामीण विधायक फूल सिंह मीणा, जिला कलेक्टर अरविंद पोसवाल, एसपी योगेश गोयल अस्पताल पहुंचे। इस घटना की वजह से वॉल सिटी के सारे बाजार बंद कर दिए गए। जिला कलेक्टर ने धारा-144 लागू कर दी है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी किशोर और उसके पिता को गिरफ्तार कर लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है। पीड़ित परिजन आरोपी छात्र के घर पर बुलडोजर चलाने की जिद पर अड़े हैं।