देश विरोधी ताकतें देश तोड़ने तत्पर – उपराष्‍ट्रपति जगदीप धनखड़

जोधपुर, 10 अगस्त। बांग्लादेश में बीते कुछ दिनों से चल रहे हिंसात्मक प्रदर्शन को लेकर भारत में बार-बार ऐसे बयान उछाल मार रहे हैं कि बांग्लादेश जैसा प्रदर्शन भारत में भी हो सकता है इसी मुद्दे पर राजस्थान हाई कोर्ट की प्लेटिनम जुबली के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में देश के उपराष्‍ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कहा है कि देश में कुछ लोग साजिश के तहत ऐसा नैरेटिव चला रहे हैं कि पड़ोसी देश (बांग्‍लादेश) में हाल ही में जैसा घटनाक्रम हुआ है, भारत में भी वैसा ही घटित होगा। धनखड़ ने ऐसे लोगों से सावधान रहने की अपील की है। उपराष्ट्रपति ने कहा कि ये लोग अपने जीवन में उच्च पदों पर रहे हैं, देश की संसद के सदस्य रहे हैं, मंत्री रहे हैं और उनमें से एक को विदेश सेवा का लंबा अनुभव है। ऐसे जिम्मेदार पदों पर रहे लोग ऐसा मिथ्या प्रचार कैसे कर सकते हैं।
उपराष्ट्रपति ने कहा कि ऐसी राष्ट्र विरोधी ताकतें वैधता प्राप्त करने के लिए संवैधानिक संस्थानों को प्लेटफार्म बना रही हैं और देश तोड़ने को तत्पर हैं। उन्‍होंने कहा कि देशहित सर्वोपरि है और इससे समझौता नहीं किया जा सकता। कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद ने मंगलवार को एक पुस्तक के विमोचन समारोह में कहा था कि हालांकि सतह पर सब कुछ सामान्य लग सकता है, लेकिन बांग्लादेश में जो हो रहा है वह भारत में भी हो सकता है. इस समारोह के दौरान कांग्रेस नेता शशि थरूर भी मौजूद थे। उन्‍होंने बुधवार को कहा था कि वह यह नहीं बता सकते हैं कि सलमान खुर्शीद का क्‍या मतलब है, लेकिन बांग्लादेश ने जो बड़ा संदेश दिया है वह लोकतंत्र के साथ ही स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनावों के महत्व को लेकर है।