मुंबई, केरल सहित देश के अनेक राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी
केरल, 19 जुलाई। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में तेज बारिश के चलते कई क्षेत्र डूबने के कारण बीते 17 जुलाई को यलो अलर्ट जारी किया गया था। वहीं आज केरल में शुक्रवार 19 जुलाई को भारी बारिश के मद्देनजर सभी स्कूल काॅलेज बंद रखने की घोषणा की गई, विशेषकर उत्तरी मालाबार जिलों के पहाड़ी इलाकों में कल गुरुवार से भारी बारिश जारी है। उत्तरी केरल के वायनाड, कन्नूर और कासरगोड जिलों के कई हिस्सों से बाढ़, पेड़ उखड़ने, मामूली भूस्खलन जैसी कई घटनाएं सामने आईं, जिसके चलते आईएमडी ने रेड अलर्ट जारी किया। गौरतलब है कि भारी बारिश के चलते तीनों जिलों में शुक्रवार, 19 जुलाई को शैक्षणिक संस्थानों में अवकाश घोषित कर दिया है। मलप्पुरम और इडुक्की जिलों के एरीकोड और कोंडोट्टी में भी अवकाश घोषित कर दिया गया है।
मौसम विभाग की मानें तो देश की राजधानी दिल्ली में भी बारिश के आसार नजर आ रहे हैं फिलहाल दिल्ली को छोड़ देश के अनेक राज्यों में बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है। जिनमें कांेकण और गोवा, तेलंगाना, महाराष्ट्र, कर्नाटक, कर्नाटक के तटीय इलाके, गुजरात, आंध्र्र प्रदेश के तटीय इलाके, विदर्भ, दक्षिणी छत्तीसगढ़, दक्षिण ओड़िसा आदि शामिल हैं, इन इलाकों में तेज बारिश की संभावना व्यक्त की जा रही हैं।