हिजाब पर सख्ती बेहिसाब, बिना हिजाब के महिलाएं जिस वाहन पर जाएंगी उसे जब्त किया जाएगा
21 दिसंबर । ईरानी सरकार ने हिजाब के नियमों को अनदेखा करने और ड्रेस कोड का पालन न करने वाली महिलाओं पर सख्त रवैया अख्तियार करते हुए मोबाइल कोर्ट स्थापित करने की योजना बनायी है। यह योजना हिजाब के नियमों को अनदेखा करने वाली महिलाओं को सजा के बतौर तैयार की जा रही है।
गौरतलब है कि स्कूली छात्राओं को शिक्षा मंत्रालय के माध्यम से सजा का सामना करना पड़ सकता है, जबकि मशहूर हस्तियों को संभावित रूप से “भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने” के लिए 10 साल तक की कैद का सामना करना पड़ सकता है। लीक हुए दस्तावेज में इन निर्देशों को लागू करने के लिए इस्लामिक रिवोल्यूशन गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) खुफिया सेवा, खुफिया मंत्रालय और सुरक्षा पुलिस को शक्तियां दी गई है। लीक हुए निर्देशों में हिजाब न पहनने वाली स्कूली छात्राओं की दस्तावेज तैयार करने, ड्रेस कोड का पालन न करने या नामचीन हस्तियों के लिए कड़ी सजा, नियमों का पालन नहीं करने वाले व्यवसायों को सील करने या बंद करने जैसे प्रावधान शामिल हैं। इन निर्दोशों के बाद से ड्रेस कोड का उल्लंघन करने वाली महिलाओं और उन कंपनियों की भी निगरानी बढ़ा दी गई है, जहां महिलाएं अक्सर बिना हिजाब के देखी जाती हैं। तेहरान में मेट्रो स्टेशनों पर हिजाब लागू करने वालों की मौजूदगी पहले ही देखी जा चुकी है। यह प्रक्रिया पहले से चल रही है, जहां महिलाओं के विरोध-प्रदर्शनों के बाद से ही नए और कड़े नियम लागू किए गए हैं।