जेल में बंद पाकिस्तान के पूर्व PM इमरान खान आगामी आम चुनाव कम से कम तीन निर्वाचन क्षेत्रों से लड़ेंगे
21 दिसंबर । पाकिस्तान के निर्वाचन आयोग ने संभावित उम्मीदवारों से नामांकन पत्र स्वीकार करना शुरू कर दिया। इसके साथ ही आठ फरवरी के आम चुनावों की प्रक्रिया शुरू हो गई है। संभावित उम्मीदवारों से नामांकन पत्र प्राप्त करने की प्रक्रिया शुरू करते हुए पाकिस्तान निर्वाचन आयोग (ईसीपी) ने कहा कि वे सुबह साढ़े आठ बजे से शाम साढ़े चार बजे तक फॉर्म प्राप्त कर सकते हैं और 22 दिसंबर तक अपना नामांकन पत्र जमा कर सकते हैं।
गौरतलब है कि ईसीपी 23 दिसंबर को उम्मीदवारों की प्रारंभिक सूची जारी करेगा, जबकि नामांकन पत्रों की जांच 24 से 30 दिसंबर तक होगी। नए परिसीमन के बाद, संसद के निचले सदन नेशनल असेंबली में 336 सीट होंगी, जिनमें 266 सामान्य सीट, 60 सीट महिलाओं के लिए और 10 सीट गैर-मुसलमानों के लिए आरक्षित होंगी। वहीं जेल में बंद पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान आगामी आम चुनाव कम से कम तीन निर्वाचन क्षेत्रों से लड़ेंगे। उनकी पार्टी ने बुधवार को यह ऐलान किया। पांच अगस्त को इमरान खान को पाकिस्तान के निर्वाचन आयोग द्वारा दायर तोशाखाना भ्रष्टाचार मामले में इस्लामाबाद की एक निचली अदालत ने दोषी ठहराया था।