राजस्थान: भजनलाल कैबिनेट की फाइनल लिस्ट तैयार
जयपुर, 18 दिसंबर। राजस्थान में बीजेपी ने भजनलाल शर्मा को मुख्यमंत्री बनाकर सभी को चौंका दिया था। अब सभी बीजेपी विधायकों को मंत्री मंडल के गठन का इंतजार है। बीजेपी हाईकमान ने जिस तरह से राजस्थान में प्रयोग किए, उसके आधार पर मंत्रिमंडल में पुराने चेहरों की बजाय युवा नामों को भजनलाल कैबिनेट में मौका मिल सकता है।
गौरतलब है कि बीजेपी हाईकमान भी मान रहा है कि हम उम्र विधायकों को मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने से सरकार चलाने में सहूलियत होगी। राजस्थान में मंत्रिमंडल के गठन को लेकर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा अपने दोनों डिप्टी सीएम के साथ पिछले 2 दिन से दिल्ली गए हुए थे। यहां उन्होंने पार्टी के तमाम बड़े नेताओं से मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री और दोनों डिप्टी सीएम ने दिल्ली में हाईकमान का आभार जताने के साथ अपनी कैबिनेट के साथियों को लेकर कसरत पूरी कर ली है। राजस्थान में विधायकों की संख्या के लिहाज से मुख्यमंत्री सहित 30 मंत्री बनाए जा सकते हैं। कहा जा रहा है कि पहले चरण में 18 से 20 मंत्रियों को भजनलाल सरकार की कैबिनेट में पहले चरण में जगह मिल सकती है। इसके लिए कुछ नामों पर सहमति बन चुकी है, जबकि बाकी नामों पर पार्टी के राजस्थान के शीर्ष नेताओं से चर्चा करके सहमति बनाने की कोशिश की जा रही है।