भाजपा के भजनलाल शर्मा राजस्थान के सीएम नियुक्त

जयपुर, 15 दिसंबर। राजस्थान में जयपुर की सांगानेर सीट से नवनिर्वाचित विधायक एवं विधायक दल के नेता चुने गए भजनलाल शर्मा ने आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मौजूदगी में मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। ज्ञात हो कि आज भजनलाल शर्मा का जन्मदिन भी है तो प्रधानमंत्री ने उन्हें दोहरी शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
गौरतलब है कि कांग्रेस नेता और पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत भी शुक्रवार को सीएम के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। वहां मंच पर अशोक गहलोत और गजेंद्र सिंह शेखावत एक- दूसरे के बगल में बैठे थे और गुफ्तगू करते दिखे। मंच पर केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, त्रिपुरा के सीएम माणिक साहा के बगल में कांग्रेस नेता अशोक गहलोत बैठे थे। गहलोत ने पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ और पूर्व उपनेता प्रतिपक्ष सतीश पूनिया से भी गर्मजोशी से मुलाकात की थी। राजस्थान में भजनलाल शर्मा के दो डिप्टी हैं-राजकुमारी” दीया कुमारी, और वरिष्ठ नेता प्रेम चंद बैरवा शर्मा के शपथ लेने के तुरंत बाद दीया कुमारी और प्रेम चंद बैरवा ने उप मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। शपथ समारोह में गृहमंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और कुछ भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों सहित अन्य लोग शामिल हुए।
ज्ञात हो कि चुनावों से पहले, भाजपा ने मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित नहीं किया था और अशोक गहलोत के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार को हटाने के लिए सामूहिक नेतृत्व और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता पर भरोसा करने का फैसला किया था। भरतपुर से राजस्थान को 43 साल बाद एक और मुख्यमंत्री मिला है। इससे पहले साल 1980 में जगन्नाथ पहाड़िया को कांग्रेस ने मुख्यमंत्री बनाया था। राजस्थान में पहली बार 1980 में ही किसी दलित चेहरे को मुख्यमंत्री का पद मिला था। जगन्नाथ पहाड़िया के बाद आज तक कोई भी दलित वर्ग का व्यक्ति मुख्यमंत्री की कुर्सी पर नहीं बैठा है।