राजस्थान: कालीचरण सर्राफ बने प्रोटेम स्पीकर, राज्यपाल ने दिलाई शपथ

जयपुर, 18 दिसंबर। राजस्थान की 16वीं विधानसभा का पहला सत्र जल्द बुलाया जा सकता है। विधायक कालीचरण सर्राफ को विधानसभा के प्रोटेम स्पीकर पद की शपथ दिलाई है। शाम करीब 4:30 बजे राजभवन में राज्यपाल कलराज मिश्र ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। राज्यपाल कलराज मिश्र ने उनके साथ तीन पैनल सदस्य किरोड़ी लाल मीणा, प्रताप सिंह सिंघवी और दयाराम परमार को भी शपथ दिलाई गई है। इस दौरान सीएम भजनलाल शर्मा और डिप्टी सीएम प्रेमचंद बैरवा भी मौजूद थे।
गौरतलब है कि वर्तमान में कालीचरण सराफ जयपुर के मालवीय नगर विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं। कालीचरण सराफ को वसुंधरा राजे के करीबी माने जाते हैं। कालीचरण सराफ राजस्थान के दिग्गज नेताओं में से एक हैं। उनका सियासी सफर काफी लंबा रहा है। वह कॉलेज के दिनों से राजनीति में सक्रिय रहे हैं। 7 अगस्त 1951 को जनमे कालीचरण सर्राफ अपनी शिक्षा राजस्थान विश्वविद्यालय के कॉलेज ऑफ कॉमर्स से पूरी की है। वह राजस्थान यूनिवर्सिटी के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। जबकि वह वसुंधरा सरकार में शिक्षा मंत्री और स्वास्थ्य मंत्री का पद संभाल चुके हैं।