राजस्थान: कांग्रेस प्रत्याशी का निधन, एक सीट पर चुनाव स्थगित

जयपुर, 25 नवंबर। राजस्थान की 200 में से 199 सीटों पर आज सुबह से ही मतदान प्रक्रिया शुरू हुई। सुबह 9 बजे तक लगभग 10 प्रतिशत ही वोट डाले गए। लगभग 12 बजे के बाद जब महिला वोटर घर से निकलीं तो पोलिंग बूथ पर महिलाओं की लंबी लाइन लगने लगी। ज्ञात हो कि राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत ने जोधपुर के सरदारपुरा में अपना वोट डालने के बाद कहा कि सरकार कांग्रेस की ही बनेगी वह भी पूर्ण बहुमत के साथ।
गौरतलब है कि राजस्थान की श्रीगंगानगर सीट पर चुनाव स्थगित किया गया। इस सीट से कांग्रेस प्रत्याशी गुरमीत सिंह कुन्नर का 15 नवंबर को अचानक निधन हो जाने के कारण इलेक्शन कमीशन ने वोटिंग के बाद इस सीट पर उपचुनाव कराने की घोषणा की।
अशोक गहलोत एवं सचिन पायलट से जब मीडिया ने कांग्रेस पार्टी के बिखराव पर सवाल किए तो दोनों ने ही इसे सिरे से खारिज करते हुए बताया कि ऐसा नहीं है हम सभी साथ-साथ हैं कांग्रेस बहुमत के साथ जीतेगी। वहीं सचिन पायलट ने जयपुर के सी स्कीम में वोट डालने के बाद कहा कि हर व्यक्ति यहां चुनाव लड़ रहा है और कोई भी एक चुनाव न तो लड़वा सकता है और न जितवा सकता है और न हरवा सकता है। उन्होंने कहा कि 2018 में भी हमने साथ मिलकर चुनाव लड़ा था और इस बार भी साथ मिलकर चुनाव लड़ रहे हैं वहीं इस बार जनता चाहती है कि हर पांच साल का रिवाज बदले।