चंपई सोरेन के बीजेपी में शामिल होने से कार्यकर्ता नाराज नहीं – बाबूलाल मरांडी
नई दिल्ली, 27 अगस्त। झारखंड में विधानसभा चुनावों के मद्देनजर सियासी उठापटक तेज होती नजर आ रही है। झारखंड के राजनीतिक गलियारों में फिलहाल पूर्व सीएम चंपई सोरेन के बीजेपी में शामिल होने की खबर से हड़कंप मचा हुआ है। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी के आज दिल्ली पहुंच कर पीएम मोदी से हुई मुलाकात को भी इसी मुद्दे से जोड़कर देखा जा रहा है कि कहीं यह मुलाकात चंपई को बीजेपी में लाने के फैसले पर चर्चा को लेकर तो नहीं हो रही है।
ज्ञात हो कि प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात के बाद झारखंड भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने यह स्पष्ट किया कि बीजेपी के कार्यकर्ता नाराज नहीं हैं। उन्होंने कहा कि झारखंड के हालात पर पीएम मोदी से चर्चा हुई है। बाबूलाल मरांडी ने कहा कि इस बार झारखंड में बीजेपी की सरकार बनेगी। पीएम से झारखंड के वर्तमान राजनीतिक हालात पर चर्चा हुई। पीएम का जो मार्गदर्शन मिला, वो कुछ हमारे लिए था और कुछ सहयोगियों के लिए। उन्होंने कहा कि जेएमएम के संघर्ष करने वाले पुराने नेता हेमंत सोरेन से दुखी हैं। चारों तरफ उनके बालू, कोयला और पत्थर के दलाल हैं। आज ब्रोकर झारखंड सरकार चला रहे हैं। बहरहाल ’झारखंड मुक्ति मोर्चा’ पार्टी को झटका देते हुए पूर्व सीएम चंपई सोरेन ने बीजेपी का दामन थामने का मन बना लिया है। जिसके चलते झारखंड में बीजेपी को मजबूती मिली है।