मध्यप्रदेश – कूनो नेशनल पार्क में नाले में डूबने से हुई चीते ‘पवन’ की मौत
श्योपुर, 27 अगस्त। मध्यप्रदेश के कूनो नेशनल पार्क में अभी तक 13 चीतों की मौत हो चुकी है। आज नामीबिया से लाए गए एक और चीते ‘पवन’ ने दम तोड़ दिया। पवन इकलौता नर चीता था जिसे बाड़े से बाहर खुले जंगल में छोड़ा गया था। बताया जा रहा है कि चीते की मौत बरसाती नाले में डूबने से हुई है। पार्क के अंदर एक बरसाती नाले में झाड़ियों के बीच इस नर चीते का शव मिला। बहरहाल पोस्टमार्टम के बाद ही मौत की असली वजह का खुलासा हो सकेगा।
कूनो नेशनल पार्क के अधिकारियों के मानें तो जंगल में पवन की हर गतिविधि पर वन विभाग के कर्मचारी नजर रखे थे। वहीं मंगलवार को जब वन विभाग की टीम ने उसकी लोकेशन ट्रेस करने की कोशिश की तो काफी देर तक पवन का मूवमेंट दिखाई नहीं दिया। जिसके बाद उसकी तलाश की गई। लोकेशन का पता चलते ही जब अधिकारी वहां पहुंचे तो झाड़ियों के बीच नाले में चीते का शव मिला। चीते के किसी भी अंग पर चोट के निशान नहीं दिखाई दिए। अधिकारियों ने उसे देखा तो पवन कोई भी हरकत नहीं कर रहा था। उसे निकालकर जांच की गई तो पता चला पवन की मौत हो चुकी थी। अधिकारियों ने बताया कि भारी बारिश की वजह से नाला पूरी तरह से भरा हुआ था। जिसकी वजह से शायद चीता वहां से नहीं निकल पाया और शरीर के भीतर पानी भरने के कारण उसकी मौत हो गई।