मोदी 3.0 का पहला आम बजट-2024 पेश
नई दिल्ली, 23 जुलाई। केंद्र की मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल का आज पहला आम बजट पेश किया गया। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने सातवीं बार संसद में बजट भाषण पढ़ते हुए 85 मिनट के अपने बजट भाषण में दोनों वर्गों के विकास के लिए 4.48 लाख करोड़ रुपए देने की घोषणा की। 2024 के बजट में मोदी सरकार ने युवाओं और महिलाओं को रिझाने की पूरी कोशिश की है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने नए संसद भवन में बजट पेश करते हुए कई वादे और ऐलान किए। सबसे ज्यादा फोकस बिहार और आंध्र प्रदेश पर दिखा। पिछले 10 साल में पहली बार मोदी सरकार के किसी वित्त मंत्री ने अपने भाषण की शुरुआत रोजगार के साथ शुरू की। वित्त मंत्री का कहना था कि आने वाले वक्त में हमारी पूरी कोशिश युवाओं को नौकरी देने और महिलाओं के जीवन को आसान बनाने की रहेगी। वित्त मंत्री ने कहा कि इस बार का बजट महिला और युवाओं की ही थीम पर बनाया गया है।
केंद्रीय बजट में बिहार के लिए 59 करोड़ रुपये और आंध्र प्रदेश के लिए 15 हजार करोड़ रुपये के सौगातों का ऐलान हुआ। इसमें बिहार में 26 हजार करोड़ रुपये से तीन एक्सप्रेस-वे बनाने, 21 हजार करोड़ की लागत से एक पावर प्लांट बनाने और साढ़े 11 हजार करोड़ रुपये बाढ़ राहत के लिए आवंटित किए गए हैं। आंध्र प्रदेश को 15 हजार करोड़ रुपये की अतिरिक्त सहायता राशि देने का ऐलान हुआ है।
केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने 23 जुलाई को अपने तीसरे कार्यकाल का पहला बजट (बजट 2024) पेश किया। केंद्र सरकार बजट में इन दो राज्यों पर सबसे ज्यादा मेहरबान नजर आई। बजट पेश किए जाने के बाद से लगातार इस पर अलग-अलग राजनेताओं की प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। इस बीच फिल्म अभिनेता और राजनेता कमल हासन ने भी एक्स पर बजट को लेकर रिएक्शन दिया है। कमल हासन ने मंगलवार शाम को एक्स पर लिखा, एनडीए के बजट की शुभकामनाएं, उम्मीद करता हूं कि जल्द ही इंडिया का बजट भी आएगा।” कमल हासन का ये तंज उस ओर इशारा करते हुए था, जिसमें बजट सामने आने के बाद से कहा जा रहा है कि सरकार ने इस बार अपनी दो मुख्य सहयोगी पार्टियों के राज्यों पर विशेष ध्यान दिया है।