कांग्रेस सांसद राहुल गांधी कल प्रयागराज आएंगे
लखनउ, 23 अगस्त। प्रयागराज में आयोजित संविधान सम्मान समारोह को कल कांग्रे
स सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी संबोधित करेंगे। इलाहाबाद मेडिकल एसोसिएशन के कन्वेंशन सेंटर में आयोजित इस कार्यक्रम में संविधान से जुड़े अलग-अलग पहलुओं पर चर्चा होगी। उम्मीद जताई जा रही है कि राहुल संविधान और आरक्षण के बहाने केंद्र और यूपी सरकार पर निशाना साध सकते हैं। ज्ञात हो कि कार्यक्रम का टॉपिक भी संविधान का सम्मान और उसकी रक्षा करने से जुड़ा हुआ है।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष ने बताया कि इसमें कांग्रेस सांसद राहुल गांधी अपने विचार रखेंगे। यह सत्र करीब डेढ़ घंटे का होगा। वहीं शुक्रवार को राहुल गांधी ने महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) की वर्षगांठ पर केंद्र सरकार पर बड़ा आरोप लगातेे हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी तमाम आलोचनाओं के बावजूद इस कार्यक्रम पर भरोसा तो कर रहे हैं, लेकिन इसे कमजोर भी कर रहे हैं। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय ने बताया कि पिछले लोकसभा चुनाव में लखनऊ में संविधान बचाने को लेकर एक कार्यक्रम हुआ था। उसी क्रम को आगे बढ़ाते हुए प्रयागराज में दूसरा कार्यक्रम शनिवार को होने जा रहा है।