UP बुलंदशहर में यति नरसिंहानंद के बयान पर बवाल, पथराव में इंस्पेक्टर रवि रतन घायल
बुलंदशहर, 04 अक्टूबर। गाजियाबाद जिले के डासना मंदिर के महंत यति नरसिंहानंद सरस्वती ने 29 सितंबर 2024 को गायिजाबाद के लोहियानगर स्थित हिंदी भवन में एक कार्यक्रम के दौरान अपने संबोधन में नरसिंहानंद सरस्वती ने कुछ विवादित टिप्पणी की थी। जिसके कारण बवाल मचा हुआ है। इसके नतीजतन आज शाम को ईशा की नमाज के बाद नमाजियों की भीड़ में शामिल कुछ अराजक तत्वों ने पुलिस टीम पर पथराव कर दिया।
उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में बड़ा बवाल हुआ है। पुलिस और पीएसी के ऊपर पथराव किया गया है। ज्ञात हो कि शुक्रवार देर शाम गद्दिवाड़ा इलाके में ईशा की नमाज के बाद विवादित बयान को लेकर अचानक लोग आक्रोशित हो गए और नारेबाजी करने लगे। नारेबाजी की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। काफी देर तक उन्होंने लोगों से प्रदर्शन खत्म करने की मांग की, लेकिन लोग शांत नहीं हुए। पुलिस ने गुस्साए लोगों को समझाने की कोशिश की लेकिन अचानक से लोगों ने पुलिस टीम पर पथराव कर दिया। पथराव की सूचना पर पीएसी की एक बटालियन मौके पहुंची तो पीएसी पर भी पथराव किया। पत्थरबाजी के दौरान सिकंदराबाद कोतवाली के प्रभारी इंस्पेक्टर रवि रतन घायल हो गए।
गाजियाबाद के डासना मंदिर के महंत यति नरसिंहानंद सरस्वती अपने बयानों को लेकर अक्सर चर्चा में रहते हैं, लेकिन इस बार उन्होंने ऐसा बयान दे दिया, जिससे एक समुदाय विशेष का गुस्सा फूट पड़ा। गाजियाबाद में ही एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने पैगंबर मोहम्मद और कुरान को लेकर आपत्तिजनक बातें कहीं थीं। इसको लेकर उनके खिलाफ एफआईआर भी दर्ज की गई थी। हालांकि धीरे-धीरे जब उनके बयान का वीडियो वायरल हुआ तो लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। सोशल मीडिया के साथ-साथ सार्वजनिक तौर पर भी लोग उनके बयान का विरोध करना शुरू कर दिया।
गौरतलब है कि फिलहाल स्थिति काबू में करने की कोशिश जारी है। भारी संख्या में पुलिस बल को तैनात किया गया है। वहीं जिले के आला अधिकारी भी हालात पर नजर बनाए हुए हैं। एसएसपी श्लोक कुमार का कहना है कि पथराव करने के मामले में दो मुकदमे पुलिस ने दर्ज किए हैं। वहीं 8 लोगों को हिरासत में लिया गया है। माहौल बिगाड़ने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।