टीएमसी का दामन छोड़ विधायक तापस राॅय भाजपा में शामिल
बंगाल, 6 मार्च। लोकसभा चुनाव की तारीख जैसे-जैसे नजदीक आ रही है, वैसे ही विधायकों के दल बदलने की प्रक्रिया में भी खासी तेजी दिखाई दे रही है। बीजेपी खेमे में दल-बदलू विधायकों की संख्या में काफी इजाफा होता नजर आ रहा है।
ज्ञात हो कि हाल ही में बंगाल में ममता बैनर्जी की तृणमूल कांग्रेस पार्टी के दिग्गज नेता, विधायक तापस राॅय जो बारानगर से तीन बार विधायक रह चुके हैं, ने टीएमसी से इस्तीफा दिया और आज भारतीय जनता पार्टी की पश्चिम बंगाल इकाई के अध्यक्ष सुकांत मजूमदार एवं विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी की मौजूदगी बीजेपी में शामिल हुए।
गौरतलब है कि जज के पद से इस्तीफा देने वाले अभिजीत गंगोपाध्याय भी गुरुवार को बीजेपी में शामिल हो सकते हैं। पश्चिम बंगाल में विभिन्न घोटाले को लेकर सीबीआई जांच का आदेश देकर सुर्खियों में आये अभिजीत गंगोपाध्याय ने जज पद से इस्तीफा दे दिया था और संकेत दिया था कि वह राजनीति में आएंगे। हालांकि बुधवार को राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में सीएम ममता बनर्जी ने पूर्व न्यायाधीश अभिजीत गंगोपाध्याय के फैसले को अवसरवादिता करार दिया है।