बीजेपी ने की लोकसभा चुनाव के उम्मीदवारों की पहली सूची जारी

नई दिल्ली, 2 मार्च। भारतीय जनता पार्टी ने आज लोकसभा चुनाव के उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की। 195 नामों की इस सूची में केंद्रीय मंत्री से लेकर राज्यों के एमपी चुनावी रण में दिखाई देंगे। लोकसभा चुनाव की उम्मीदवारी में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी उत्तर प्रदेश की वाराणसी सीट से तीसरी बार चुनाव लड़ेंगे। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह गुजरात की गांधीनगर सीट से चुनावी मैदान में उतरेंगे, वहीं रक्षामंत्री राजनाथ सिंह लखनउ से चुनाव लड़ेंगे। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला कोटा से चुनाव लड़ेंगे। स्मृति ईरानी को अमेठी से उम्मीदवार बनाया गया है।
मध्यप्रदेश से लोकसभा सीटों में पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चैहान विदिशा से, गुना से ज्योतिरादित्य सिंधिया, मंडला से फग्गन सिंह कुलस्ते, खजुराहों से वी.डी. शर्मा जैसे बड़े नाम शामिल हैं। वहीं जबलपुर की लोकसभा सीट से बीजेपी ने एक नए चेहरे आशीष दुबे, (गोटिया) को मैदान में उतारा है। इस सीट पर 1996 से राकेश सिंह का कब्जा रहा है। बहरहाल पार्टी ने राकेश सिंह ही जगह इस बार नए चेहरे को उम्मीदवार बनाया है। छत्तीसगढ़ में रायपुर से बृजमोहन अग्रवाल को चुनावी रण में उतारा गया है। वहीं बिलासपुर से तोखन साहू, दुर्ग से विजय बघेल, रायगढ़ से राधेश्याम राठिया को तो बस्तर सीट से महेश कश्यप चुनाव लड़ेंगे।
दिल्ली की चांदनी चैक लोकसभा सीट से प्रवीण खंडेलवाल को चुनावी मैदान में उतारा गया है तो उत्तर पूर्वी दिल्ली से अभिनेता मनोज तिवारी एवं पश्चिमी दिल्ली से कमलजीत सहरावत और दक्षिणी दिल्ली से रामवीर सिंह विधूड़ी चुनाव लड़ेंगे। केंद्रीय मंत्री किरन रिजिजू अरूणाचल पश्चिम सीट से तो डिब्रूगढ़ से सर्वानंद सोनोवाल चुनावी रण संभालेंगे। बात फिल्मी सितारों की करें तो हेमा मालिनी मथुरा से, रविकिशन गोरखपुर से, दिनेशलाल यादव निरहुआ आजमगढ़ से, भोजपुरी गायक पवन सिंह आसनसोल से चुनाव लड़ेंगे।