केंद्रीय मंत्री और विधायक बाबू आमने-सामने, बीजेपी में गुटबाजी
जोधपुर, 29 फरवरी। केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत आज जोधपुर पहुंचे। शेखावत जोधपुर लोकसभा सीट से वर्तमान सांसद भी हैं। यहां पहुंचते ही उन्हें अपनी ही पार्टी के कार्यकर्ताओं के भारी विरोध का सामना करना पड़ा, भाजपा कार्यकर्ताओं ने सांसद के विरोध में नारेबाजी करते हुए कहा कि आपके सांसद रहते इस क्षेत्र में विकास के कोई काम नहीं हुए। सियासी पारा इतना गर्म था कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने अपनी ही पार्टी के केंद्रीय मंत्री को आगामी लोकसभा चुनाव में जमानत जप्त होने की धमकी दे डाली।
गौरतलब है कि बीजेपी में हो रहे इस सियासी घमासान के पीछे प्रमुख कारण जोधपुर के शेरगढ़ विधानसभा सीट से विधायक बाबू सिंह राठौड़ और केंद्रीय मंत्री शेखावत के बीच हुई अनबन है। भाजपा कार्यकर्ताओं ने ’’मोदी तुझसे बैर नहीं, शेखावत तेरी खैर नहीं’’ के जमकर नारे लगाए।
दरअसल जोधपुर के शेरगढ़ विधानसभा सीट से कई बार विधायक रह चुके बाबू सिंह राठौड़ का मानना है कि वे मंत्रीपद के हकदार थे और केंद्रीय मंत्री शेखावत की वजह से वह मंत्री नहीं बन पाए। केंद्रीय मंत्री और विधायक के बीच नाराजगी का सिलसिला यहीं खत्म नहीं होता बल्कि सियासी पारा उस वक्त और चढ़ गया जब सांसद शेखावत की डिजाइर पर उनके क्षेत्र में कार्य करने वाले एक्सीयन का तबादला सांसद ने विधायक बाबू सिंह राठौर की बिना रायशुमारी के कर डाला।
सांसद गजेन्द्र सिंह शेखावत ने लोकसभा चुनाव पर चर्चा करते हुए भाजपा कार्यकर्ताओं की नाराजगी पर कहा कि यह सब राजनीति में चलता रहता है, हम सब एक परिवार के लोग हैं, यह हमारे घर का मामला है। बहरहाल हालात यह हैं कि समय रहते भाजपा ने इस आंतरिक गुटबाजी का हल नहीं निकाला तो इसका खामियाजा गजेन्द्र सिंह शेखावत को या आगामी चुनावों में भारतीय जनता पार्टी को भुगतना पड़ सकता है।