हत्यारों को जेल में रोटियां खिलाने की बजाय उनका एनकाउंटर कर देना चाहिए – मलखान सिंह

जयपुर, 08 दिसंबर। बीते 5 दिसंबर को राजस्थान के जयपुर जिले में श्री राष्ट्रीय करणी सेना के अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी को घर में घुसकर हमलावरों ने गोलियों से छलनी कर दिया। इस हत्याकांड से पूरे देश के क्षत्रिय समाज में आक्रोश व्याप्त है। वहीं चंबल के डकैत रह चुके मलखान सिंह ने कहा कि गोगामेड़ी के हत्यारों को जेल में रखकर रोटियां खिलाने की बजाय उनका एनकाउंटर कर देना चाहिए। इस हत्याकांड के विरोध में पूरे राजस्थान में जगह-जगह विरोध एवं धरना प्रदर्शन किए जा रहे हैं।
मध्य प्रदेश के ग्वालियर में दस्यु सम्राट दद्दा मलखान सिंह ने कहा, ‘करणी सेना के सुखदेव सिंह गोगामेड़ी नेतागिरी नहीं करते थे। जनता के लिए गोगामेड़ी ने आवाज उठाई। वह अन्याय और अत्याचार के खिलाफ खड़े दिखते थे। महिलाओं और दबे कुचले लोगों की मदद के लिए सुखदेव सिंह गोगामेड़ी ने श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना बनाई। यह सिर्फ गोगामेड़ी की नहीं, बल्कि पूरे देश की हत्या है। अगर कोई अत्याचार के खिलाफ आवाज उठाए तो क्या उसे गोलियों से मार दिया जाएगा। यह बहुत बड़ा अन्याय है।