कुख्यात शूटर अमन सिंह की जेल में हत्या

झारखंड, 04 दिसंबर। धनबाद जिले की मंडल जेल में बंद विधायक पूर्णिमा सिंह के पति नीरज की हत्या के मुख्य आरोपी अमन सिंह की एक कैदी ने रविवार दोपहर गोली मारकर हत्या कर दी। इस गोलीकांड से अपराधियों में हड़कंप का माहौल व्याप्त है। हालाकि इस हत्या की जिम्मेवारी कैदी आशीष रंजन उर्फ छोटू सिंह ने ले ली है। बहरहाल उक्त मामले की रिपोर्ट धनबाद एसएसपी से मांगी गई है।
गौरतलब है कि धनबाद के पूर्व डिप्टी मेयर और झरिया की विधायक पूर्णिमा नीरज सिंह के पति नीरज सिंह की 22 मार्च 2017 की रात एक-47 हथियार से उनके गाड़ी पर ताबड़तोड़ फायरिंग की गई थी। इस घटना में नीरज सिंह समेत चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी। इसी हत्याकांड में यूपी का रहने वाला कुख्यात शूटर अमन सिंह गिरफ्तार हुआ था।
वहीं, दूसरी ओर धनबाद मंडल जेल के जेलर की शिकायत पर केस दर्ज किया गया है। पुलिस यह पता लगा रही है कि आखिर जेल में हथियार कैसे पहुंचा। जेल के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कुख्यात शूटर अमन सिंह को गोली मारने वाले एक कैदी (सुंदर महतो ) की पहचान कर ली गई है। हालांकि, अब तक हथियार बरामद नहीं हो सका है।