छत्तीसगढ़ में वोटिंग के बाद नक्सली हमला, एक जवान शहीद

रायपुर, 18 नवंबर। छत्तीसगढ़ में इस बार विधानसभा चुनाव की वोटिंग प्रक्रिया दो चरणों में हुई पहली 7 नवंबर और दूसरी 17 नवंबर 2023 को देखा गया कि दोनों ही चरणों की वोटिंग के बाद नक्सली हमला हुआ। 7 नवंबर को नक्सलियों द्वारा किए गए आईईडी ब्लास्ट में कुंटा विधानसभा क्षेत्र में तैनात सीआरपीएफ कोबरा बटालियन का एक जवान घायल हो गया था। ज्ञात हो कि कुंटा विधानसभा सीट नक्सल प्रभावित सुकमा जिले में आती है।
दूसरे चरण की मतदान प्रक्रिया जो बीते शुक्रवार को सम्पन्न हुई, चुनाव के बाद लौट रहीं पोलिंग पार्टी पर गरियाबंद जिले में नक्सलियों ने हमला किया। रास्ते में आईईडी बम लगा रखा था। इस हमले में आईटीबीपी का एक जवान शहीद हो गया। ज्ञात हो कि नक्सलियों ने बस्तर जिले में कई जगहों पर चुनाव के बहिष्कार करने का ऐलान किया था। जगह-जगह धमकी भरे पर्चे भी मिले थे। चुनाव के दौरान नक्सली गैंग सक्रिय हो जाता है जिसके मद्देनजर केन्द्र और राज्य सरकार कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए बड़ी संख्या में जवानों की तैनाती सुनिश्चित करती है।