1992 की खिताबी सफलता को फिर से दोहरा सकती है पाक: वकार
लंदन, 28 May — पाकिस्तान क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान वकार यूनुस का मानना है कि सरफराज अहमद और उनकी टीम 1992 की खिताबी सफलता को फिर से दोहरा सकती है। आईसीसी ने वकार के हवाले से लिखा, पाकिस्तान ने 27 साल बाद पहली बार विश्व कप जीता था और इस साल भी ऐसा ही लगता है, जैसा कि पहले किया गया था। किसी ने हमें एक मौका नहीं दिया और विश्व कप में हम अंडरडॉग के रूप में पहुंचे थे, लेकिन हालात बदले और हमने सभी चीजें जीतीं। यही पाकिस्तान क्रिकेट की खूबसूरती है।
पाकिस्तान टीम के कोच रह चुके वकार ने कहा कि मैं टीम का हिस्सा नहीं था क्योंकि विश्व कप शुरू होने से पहले मैं चोटिल हो गया था। लेकिन मुझे याद है कि जब टीम घर आ रही थी तो पूरा देश सडक़ों पर आ गया था, लाइटें जल रही थीं और हम ट्राफी (विश्व कप) के साथ परेड में थे। पूर्व कप्तान ने कहा, यह पार्टी का समय था। यह एक उत्सव था। उम्मीद है कि ऐसा ही दोबारा होगा, लेकिन इसके लिए काम करना होगा। पाकिस्तान के लिए 262 वनडे मैचों में 416 विकेट ले चुके वकार ने आगे कहा कि मुझे लगता है कि पाकिस्तान एक अंडरडॉग के रूप में वहां गया है और उन्हें अच्छी शुरुआत करने की जरूरत है। अगर वे शुरुआत में ज्यादातर मैच हार जाते हैं तो फिर इसके बाद उनके लिए आगे का काम मुश्किल हो जाएगा।
2017 में हुई चैंपियंस ट्रॉफी के बाद से पाकिस्तान ने दो सीरीज जीती है जबकि तीन में उसे क्लीन स्वीप का सामना करना पड़ा है। वकार का मानना है कि पाकिस्तान को अपनी फील्डिंग में सुधार करना होगा। पाकिस्तान के लिए अच्छी बात यह है कि उसने बड़े स्कोर के साथ शुरुआत की है। उन्होंने दिखाया है कि वे 300 या उससे ज्यादा रन बनाने में सक्षम है और इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज में हम यह देख चुके हैं।