आईसीसी चैंपियंस ट्राफी पर टीम इंडिया का कब्जा
9 मार्च। दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में आज इंडिया और न्यूजीलैंड के बीच खेले आईसीसी चैंपियंस ट्राफी के फाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड को हराकर टीम इंडिया ने चैंपियंस ट्राफी अपने नाम की। टीम इंडिया ने 12 साल बाद चैंपियंस ट्राफी पर जीत हासिल की है। रोहित शर्मा की कप्तानी में टीम इंडिया ने अपने शानदार प्रदर्शन करते हुए न्यूजीलैंड को 4 विकेट करारी हार दी। ज्ञात हो कि लगभग नौ महीने पहले रोहित शर्मा की कप्तानी में ही टीम इंडिया ने टी-20 वल्र्ड का खिताब अपने नाम कर सबसे ज्यादा बार ट्राफी जीतने का रिकार्ड भी बनाया।
टीम इंडिया को इस फाइनल में अपने कप्तान रोहित से बड़ी पारी की उम्मीद थी और जरूरत भी थी। पूरे टूर्नामेंट में रोहित के बल्ले से कोई बड़ी पारी नहीं निकली थी और साथ ही फाइनल मैचों में भी वो कोई अर्धशतक तक नहीं लगा सके थे. साथ ही उनके संन्यास की अटकलें लगातार जारी थीं। रोहित (76) ने ऐसे में इस अवसर को पूरी तरह से अपने नाम कर लिया और अपने आक्रामक अंदाज में न्यूजीलैंड को शुरुआत में ही बैकफुट पर धकेल दिया. रोहित ने ताबड़तोड़ अर्धशतक जमाया और फिर शुभमन गिल (31) के साथ शतकीय साझेदारी की।
टीम इंडिया को यहां पर जल्दी-जल्दी 2 झटके लगे और शुभमन गिल के बाद विराट कोहली (1) भी पवेलियन लौट गए। जल्द ही कप्तान रोहित भी अपना विकेट गंवा बैठे। यहां से श्रेयस अय्यर (48) और अक्षर पटेल ने 61 रन की साझेदारी कर टीम की वापसी कराई। श्रेयस अर्धशतक से चूक गए और अक्षर पटेल (29) भी कुछ ही देर में पवेलियन लौट गए। मगर केएल राहुल (34 नाबाद) और हार्दिक पंड्या ने टीम को जीत के बेहद करीब पहुंचा दिया। जीत से ठीक पहले हार्दिक आउट हुए लेकिन राहुल ने रवींद्र जडेजा के साथ मिलकर टीम को जीत का खिताब दिलाकर ही दम लिया।