महाराष्ट्र विस चुनाव- सीट बंटवारे का जिम्मा देवेन्द्र फडणवीस को
मुंबई, 12 अगस्त। महाराष्ट्र में साल के आखिर में विधानसभा चुनाव होने हैं। जिसके चलते राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज होती नजर आ रही है। इसी के मद्देनजर महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने पिछले 30 दिनों में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पदाधिकारियों के साथ 3 मीटिंग की हैं। फडणवीस और संघ की आखिरी बैठक 10 अगस्त को नागपुर में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार इस बैठक में संघ के सरकार्यवाह अरुण कुमार भी शामिल थे। देवेंद्र फडणवीस के राष्ट्रीय स्वयंसवेक संघ के पदाधिकारियों के साथ मीटिंग का नतीजा यह है कि महाराष्ट्र में सीट बंटवारे से लेकर टिकट बंटवारे तक का काम देवेंद्र फडणवीस ही करेंगे। अब खबर यह है कि फडणवीस का कद बढ़ने से महाराष्ट्र की सियासत में किसका खेल बिगड़ेगा।
गौरतलब है कि लोकसभा चुनाव के बाद महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस सियासी तौर पर फिर से सक्रिय हो गए हैं। महाराष्ट्र में एनडीए के बीच सीट बंटवारा अगस्त के आखिर तक हो सकता है। बीजेपी की तरफ से फडणवीस को ही इसकी कमान दी गई है। ऐसे में सबकी नजरें सीट बंटवारे के फाइनल डील पर है। इस डील में फडणवीस अजित के साथ खेल करते हैं या नहीं, यह देखने वाली बात होगी। अजित पवार की पार्टी की दावेदारी विधानसभा की 100 सीटों पर है। अजित का कहना है कि मराठवाड़ा और पश्चिमी महाराष्ट्र के इलाकों में उनकी पार्टी की स्थिति मजबूत है। ज्ञात हो कि वर्तमान में अजित के पास 42 विधायक हैं।