शरद पवार से मिलने पहुंचीं अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता
मुंबई, 18 अगस्त। महाराष्ट्र में साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं। जिसके चलते तमाम विपक्षी दलों के खेमे में हलचल तेज होते नजर आ रही है। इसी के चलते दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल ने शरद पवार से पुणे में मुलाकात की। प्राप्त जानकारी के अनुसार यह मुलाकात लगभग 30 मिनट की ही थी लेकिन राजनीतिक दृष्टिकोण से यह मुलाकात अहम बतायी जा रही है। इस दौरान आप सांसद संजय सिंह भी उनके साथ मौजूद रहे। महाराष्ट्र चुनाव से पहले इस मुलाकात को काफी अहम माना जा रहा है। इस मुलाकात से महाविकास अघाड़ी में आम आदमी पार्टी के शामिल होने की चर्चा तेज हो गई है।
गौरतलब है कि लोकसभा चुनाव-2024 में जहां आम आदमी पार्टी में गठबंधन से पल्ला झाड़ते हुए पंजाब में अपने दम पर चुनाव लड़ने का डंका बजाया था वही पार्टी अब महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में गठबंधन में जगह तलाश रही है। फिलहाल विपक्ष के महाविकास अघाड़ी के दल में शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट), एनसीपी शरद पवार गुट), और कांग्रेस पार्टी शामिल हैं। वहीं महायुति में भाजपा, शिवेसना (शिंदे गुट) और एनसीपी (अजित पवार गुट) हैं।
महाराष्ट्र में इस बार के लोकसभा चुनाव में विपक्ष ने बढ़िया प्रदर्शन करते हुए 48 लोकसभा सीटों में भाजपा के खाते में यहां सिर्फ 9 सीटें आई थीं. वहीं एनसीपी शरद पवार गुट ने 8, कांग्रेस ने 13 और शिवसेना (उद्धव गुट) ने 9 सीटें जीती थी। कयास लगाया जा रहा है कि विपक्ष उन्हीं परिणामों को विधानसभा में दोबारा दोहराने के लिए आम आदमी पार्टी को शामिल किया जा सकता है. आप पार्टी के शामिल होने के बाद से विपक्ष का कुनबा और बड़ा हो जाएगा।