महाराष्ट्र- झारखंड में चुनाव प्रचार बंद, 20 नवंबर को वोटिंग और 23 को आएंगे नतीजे
महाराष्ट्र और झारखंड में आज शाम 6 बजे से चुनावी प्रचार थम गया। दानों ही राज्यों में 20 नवंबर दिन बुधवार को वोटिंग होनी है। इनमें झारखंड की 38 और महाराष्ट्र की सभी 288 सीटों पर मतदान होना है। दोनों ही राज्यों के चुनाव परिणाम 23 नवंबर को मतगणना के बाद घोषित होंगे। फिलहाल जनता को दोनों ही राज्यों के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जनता को अपने पक्ष में वोट डालने, लुभावने वायदों की झड़ी लगाने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी है। इस सब के पश्चात 23 नवंबर को यह स्पष्ट हो जाएगा कि जनता ने किस पड़ले में वोटों का वजन ज्यादा उड़ेला है और किसे सरताज बनाया है।
गौरतलब है कि महाराष्ट्र में सत्तासीन महायुति एवं महाविकास अघाड़ी में चुनावी मुकाबला शेर पर सवा शेर जैसा होने वाला है। एक ओर सत्तासीन महायुति की बहनों के लिए विशेष योजनाओं का तो दूसरी ओर महाविकास अघाड़ी की लुभावनी योजनाओें की चुनावी बिसात बिछ चुकी है। तो वहीं झारखंड में दूसरे चरण की वोटिंग में 38 सीटों पर अभी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, स्पीकर रबींद्रनाथ महतो, पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी सहित आधा दर्जन वरिष्ठ नेताओं की इज्जत दावं पर लगी है।