बीजेपी विधायक नितेश राणे के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी
मुंबई, 7 अगस्त। महाराष्ट्र के कंकावली से बीजेपी विधायक नितेश राणे मंगलवार को अदालत में पेश नहीं होने के कारण न्यायिक मजिस्ट्रेट (प्रथम श्रेणी) आरती ए कुलकर्णी ने गैर जमानती वारंट जारी किया। और अदालत ने पेशी से छूट मांगने वाली उनकी याचिका को खारिज कर दिया। ज्ञात हो कि इससे पहले जनवरी में भी बीजेपी नेता के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया गया था।
बीजेपी विधायक नितेश राणे के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी करने की कार्रवाई शिवसेना (यूबीटी) नेता और राज्यसभा सांसद संजय राउत द्वारा बीजेपी नेता के खिलाफ दायर मानहानि के मामले में की गई है।
गौरतलब है कि अदालत ने इस साल जनवरी में भी पेश नहीं होने पर नितेश राणे के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया था। वहीं, 26 फरवरी को कोर्ट के समक्ष पेश होने के बाद इसे रद्द कर दिया गया था। लेकिन उसके बाद से बीजेपी नेता राणे अदालत में पेश नहीं हुए। उन्होंने अलग-अलग आधार पर पेशी से छूट मांगी, जिसके बाद अदालत ने उनकी याचिका भी खारिज कर दी।