देश में नागरिकता संशोधन कानून लागू करने मोदी सरकार ने नोटिफिकेशन जारी किया
नई दिल्ली, 11 मार्च। देश में नागरिकता संशोधन कानून (CAA) को लागू करने के लिए मोदी सरकार ने नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। देश में अब सीएए लागू हो गया है। सीएए के अमल में आ जाने के बाद अब बांग्लादेश, पाकिस्तान और अफगानिस्तान से 31 दिसंबर 2014 को या उससे पहले भारत में प्रवेश करने वाले हिंदुओं, जैनों, ईसाइयों, सिखों, बौद्धों और पारसियों को यहां पांच साल तक निवास करने के बाद भारतीय नागरिकता दी जा सकती है।
राज्यसभा द्वारा 11 दिसंबर, 2019 को सीएए पारित करने के बाद राज्य में बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन हुआ था, जिसमें आंदोलनकारियों की सुरक्षा बलों के साथ तीखी झड़प हुई थी, जिससे प्रशासन को कई कस्बों और शहरों में कर्फ्यू लगाने के लिए मजबूर होना पड़ा था। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पहले कहा था कि सीएए नियमों को लोकसभा चुनाव से पहले अधिसूचित और लागू किया जाएगा।
गौरतलब है कि सीएए के लागू होने के बाद टीएमसी समेत कई विपक्षी दलों और संगठनों ने सरकार के फैसला के विरोध किया है और प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा है कि वो लोगों के साथ भेदभाव करने वाली किसी भी चीज का विरोध करेंगी. दूसरी ओर सरकार का कहना था कि पाकिस्तान, बाग्लादेश और अफगानिस्तान में मुस्लिम बहुसंख्यक हैं जबकि हिंदू और अन्य जातियां अल्पसंख्य है।
गौरतलब है कि CAA लागू होने के बाद यूपी के 14 ज़िलों को हाई अलर्ट पर रहने को कहा गया है। लखनऊ, बरेली, मेरठ, कानपुर, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, शामली, प्रयागराज, मुरादाबाद, रामपुर, बिजनौर, गाजियाबाद, गाजीपुर और वाराणसी जिलों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। इन सभी इलाकों में नाइट पेट्रोलिंग और पैदल गश्त बढ़ाने के लिए आदेश भी दिए गए हैं। दिल्ली के सभी संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा को और बढ़ा दिया गया है। दिल्ली में सुरक्षाबलों को फ्लैग मार्च का आदेश दे दिया गया है। दिल्ली पुलिस भी अलर्ट पर है।