मोदी की गारंटी के साथ 3 राज्यों में बीजेपी की हैट्रिक
भोपाल, 03 दिसंबर। मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान और तेलंगाना के विधानसभा चुनाव के आज आए नतीजों ने यह साफ कर दिया कि मोदी की गारंटी कितनी असरदार है। एक ओर जहां मध्यप्रदेश में लाडली बहनों ने शिवराज को पूरा आर्शीवाद दिया तो वहीं राजस्थान में सत्ता बदल का रिवाज कायम रखते हुए जनता ने परंपरानुसार सत्ता बीजेपी को सौंप दी। छत्तीसगढ़ में भूपेश बघेल अपनी जीत को लेकर काफी हद तक चिंतामुक्त नजर आ रहे थे लेकिन जब मत पेटियों ने अपना मुंह खोला तो बीजेपी की जीत ने सारी हदों को लांघकर माहौल को भगवामय कर दिया। चार राज्यों के चुनाव परिणामों में केवल तेलंगाना एक ऐसा राज्य है जहां कांग्रेस ने एकतरफा जीत हासिल की और पूर्ण बहुमत हासिल किया।
गौरतलब है कि शिवराज सिंह ने कहा कि मेरी बहनों ने तो आर्शीवाद दिया ही है और मैं जब उनसे रैलियों के दौरान मिला तो उनका कहना था कि भैया हम जरूर जीतेंगे। वहीं शिवराज ने पीएम मोदी के मार्गदर्शन को सफलता का श्रेय दिया और अमित शाह के साथ ही जेपी नड्डा के सघन नेतृत्व सफलता प्राप्त होने में पूर्ण रूप से सहयोगी बताया। वहीं छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल ने भाजपा की इस जीत को मोदी लहर का बताया।