डॉक्टरेट उपाधि मिलने पर किया पत्रकार प्रभाष नारनौलिया का सम्मान
लक्ष्मणगढ़, 14 अक्टूबर । भारत सरकार के मिनिस्टरी ऑफ कॉरपोरेट अफेयर्स के अधीनस्थ संचालित विश्व मानवाधिकार सुरक्षा आयोग की ओर से डॉक्टरेट की उपाधि प्राप्त करने पर लक्ष्मणगढ़ पत्रकार संघ के सचिव डॉ. प्रभाष नारनौलिया का सोमवार को यहां बस स्टैण्ड पर विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने सम्मान किया।शिक्षक संघ के सक्रिय सदस्य व राजकीय उ मा विद्यालय भैंरूपुरा के अध्यापक श्रीचंद दानोदिया के सौजन्य से आयोजित कार्यक्रम में डॉ. नारनौलिया को शॉल ओढ़ाकर एवं प्रतीक चिह्न के रूप में मां सरस्वती का चित्र एवं कलम देकर सम्मानित किया गया। युवा सामाजिक कार्यकर्ता बनवारी मण्डीवाल के मुख्य आतिथ्य में आयोजित कार्यक्रम में प्रवासी सुभाष दानोदिया, रामकरण आंतरोली, प्रदीप मंडीवाल, अनिल रिणु, संदीप मंडीवाल, सुशील फगेडिय़ा, विजयपाल मंडीवाल, जगदीश कटारिया, विनोद शर्मा बैरास, अशोक जांगिड़ सनवाली आदि उपस्थित थे। उल्लेखनीय है कि पत्रकारिता एवं समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने पर पिछले दिनों विश्व मानवाधिकार सुरक्षा आयोग की ओर से नारनौलिया को डॉक्टरेट की मानद उपाधि देकर सम्मानित किया गया था। नई दिल्ली में बॉलीवुड, राजनीति तथा प्रशासन से जुड़ी हस्तियों की मौजूदगी में नारनौलिया को डॉक्टरेट की मानद उपाधि प्रदान की गई।