पीएम मोदी पोलैंड-यूक्रेन के दौरे पर

23 अगस्त को यूक्रेन के फ्लैग डे के मौके पर भारतीय पीएम नरेंद्र मोदी यूक्रेन के आधिकारिक दौरे पर रहेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पोलैंड और यूक्रेन दौरा कल से शुरू होने जा रहा है। कल 45 वर्ष बाद कोई भारतीय प्रधानमंत्री वॉरसॉ की धरती पर कदम रखेगा। 21-22 अगस्त को दो दिवसीय पोलैंड दौरे के बाद पीएम मोदी कीव पहुंचेंगे। पीएम मोदी पोलैंड से ट्रेन के जरिए 10 घंटे का सफर तय करके यूक्रेन जाएंगे।
दरअसल भारत युद्ध की शुरुआत से ही बातचीत के जरिए समाधान का पक्षधर रहा है। भारत का मानना है कि दोनों देशों के आपसी बातचीत से निकला कोई ऐसा रास्ता ही एकमात्र समाधान हो सकता है जो दोनों को स्वीकार्य हो। भारत ने हमेशा कहा है कि ये युग युद्ध का नहीं है। पीएम मोदी ने जुलाई में रूस दौरे पर राष्ट्रपति पुतिन के सामने भी साफ शब्दों में कहा था कि युद्ध के मैदान में समाधान नहीं ढूंढा जा सकता है। इससे पहले एससीओ समिट में भी पुतिन के आगे पीएम मोदी शांति की बात कर चुके हैं। पीएम मोदी के यूक्रेन दौरे का एजेंडा शेयर करते हुए विदेश मंत्रालय ने भी यही कहा है कि भारत, रूस-यूक्रेन यु्द्ध में शांति की बात करता आया है और बातचीत से समाधान का पक्षधर है।
गौरतलब है कि जो जेलेंस्की आज पीएम मोदी को युद्ध का समाधान निकालने की उम्मीद से न्योता देकर अपने देश बुला रहे हैं। इन्होंने 9 जुलाई को पीएम मोदी के रूस दौरे के समय उनकी निंदा भी की थी। पीएम मोदी और पुतिन के गले लगने वाले दृश्यों को शांति की कोशिशों के लिए झटका बताया था। तब से लेकर अब तक युद्धक्षेत्र में हालात काफी बदल चुके हैं। अब जेलेंस्की भी समझ रहे हैं कि युद्ध के समाधान का रास्ता पीएम मोदी से होकर ही गुजरता है इसलिए जेलेंस्की उनके स्वागत की तैयारी कर रहे हैं। फिलहाल भारत का स्टैंड साफ है कि वो किसी एक पक्ष के हित की बात नहीं करेगा, बल्कि दोनों के लिए स्वीकार्य समाधान का रास्ता खोजने में मदद करेगा।