बढ़ रहे मंकीपॉक्स के मामले

नई दिल्ली, 21 अगस्त। दिल्ली के एम्स हाॅस्पिटल में आज विदेश यात्रा करके लौटे मंकीपॉक्स के एक संदिग्ध मरीज को भर्ती कराया गया है। व्यक्ति को हल्का बुखार था और सिरदर्द के साथ मंकीपॉक्स के अन्य लक्षण दिखाई दिए थे। इसको एम्स के एबी-7 वार्ड में रखा गया। इस वार्ड को मंकीपॉक्स के संदिग्ध मरीजों के लिए बनाया गया है। वार्ड में डॉक्टरों ने मंकीपॉक्स की जांच की और टेस्ट में रिपोर्ट निगेटिव मिली है। हालांकि मरीज को अभी निगरानी में रखा गया है।
गौरतलब है कि एम्स की मीडिया प्रवक्ता ने बताया की एम्स में मंकीपॉक्स के संदिग्ध मरीज यानी वो लोग जिनमें मंकीपॉक्स के लक्षण हैं उनको भर्ती करके जांच करने की व्यवस्था की गई है। अस्पताल में एक व्यक्ति को मंकीपॉक्स के लक्षणों के साथ लाया गया था। यहां उसकी सभी जांच की गई और रिपोर्ट निगेटिव आई है। फिलहाल एम्स में मंकीपॉक्स का कोई कंफर्म केस नहीं है। मंकीपॉक्स के खतरे को देखते हुए सरकार अलर्ट मोड पर है। दिल्ली के तीन अस्पतालों में मंकीपॉक्स मरीजों के इलाज के लिए बेड की व्यवस्था की गई है। एयरपोर्ट पर अधिकारियों को अलर्ट रहने को कहा गया है और मंकीपॉक्स के लक्षण वाले किसी भी व्यक्ति को आइसोलेट करने के निर्देश दिए गए हैं।