उत्तराखंड में बादल फटने से हालात बेकाबू – जन-जीवन अस्त-व्यस्त

देहरादून, 11 मई। देश के अनेक राज्यों में जहां भीषण गर्मी पड़ रही है, और हीटवेव लोगों को दिन में घर से बाहर नहीं निकलने दे रही, तो वहीं कुछ राज्यों में बारिश ने लोगों को राहत दी है। हालांकि बारिश के बीच उत्तराखंड में बादल फटने से हालात बेकाबू हो गए हैं। जंगलों की आग तो बुझ गई है, लेकिन अल्मोड़ा और बागेश्वर में बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं। नदी-नाले उफान पर आ गए हैं, जन-जीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त हो गया है।
कमोबेश कुछ इसी तरह की स्थिति पश्चिम बंगाल में भी बनी हुई है। यहां राजधानी कोलकाता सहित अन्य हिस्सों में भारी बारिश हुई है। आसमान में अभी भी काले घने बादल छाए हुए हैं। देखने में ऐसा लग रहा है, जैसे यहां भी बादल फट सकते हैं। वहीं बात अगर 10 मई यानि आज के मौसम को लेकर करें तो मौसम विभाग ने कुछ राज्यों में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। उत्तर प्रदेश में इस समय भीषण गर्मी पड़ रही है। दिन में हीटवेव ने लोगों को खासा परेशान कर रखा है। जरूरी काम छोड़कर लोग घरों से बाहर नहीं निकल रहे हैं। मौसम विभाग ने कहा कि यूपी में 9 से 13 मई के बीच यानि पांच दिन बारिश होने वाली है। यानि आज भी यूपी में बारिश की संभावना है।