आतंकवाद के खात्मे के लिए भारत, पाकिस्तान के अंदर भी घुस जाएगा – रक्षा मंत्री
नई दिल्ली, 6 अप्रैल। हाल ही में एक बार फिर भारत ने आतंकवाद के मुद्दे पर अपना रुख साफ कर दिया। एक इंटरव्यू में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आतंकवाद पर कहा कि भारत में आतंकवादी गतिविधियों को अंजाम देने की कोशिश करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। चाहे फिर वो पाकिस्तान में ही क्यों न छिपे हों। रक्षा मंत्री ने कहा कि देश में आतंक फैलाने के बाद सीमा पार भागने वाले शख्स को मारने के लिए भारत पाकिस्तान के अंदर भी घुस जाएगा। दरअसल ब्रिटिश अखबार द गार्जियन ने एक रिपोर्ट छापी है। जिससे दावा किया गया है कि भारत ने विदेशी धरती पर रहने वाले आतंकवादियों को खत्म करने की एक बड़ी योजना के तहत साल 2020 से पाकिस्तान में 20 आतंकियों को मार गिराया है।
गौरतलब है कि जब इस रिपोर्ट के बारे में रक्षा मंत्री से सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि अगर पड़ोसी देश की तरफ से किसी भी आतंकी ने भारत को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की तो भारत उसका मुंहतोड़ जवाब देगा। रक्षा मंत्री ने कहा कि अगर आतंकी छिपने के लिए पाकिस्तान जाएगा तो पाकिस्तान में घुसकर उसे मारेंगे। राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत ने कभी भी किसी भी देश पर हमला नहीं किया न ही किसी की एक इंच जमीन पर कब्जा किया है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने साफ कहा कि भारत हमेशा अपने पड़ोसी देशों के साथ अच्छे संबंध बनाए रखना चाहता है। लेकिन अगर फिर भी कोई भारत को आंखें दिखाएगा देश की शांति को खतरा पहुंचाएगा तो उसे किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।