जेल से बाहर आते ही गरजे संजय सिंह- बोले यह जश्न मनाने का वक्त नहीं

नई दिल्ली, 3 अप्रैल। दिल्ली के चर्चित शराब घोटाला मामले में छः माह बाद आम आदमी पार्टी के नेता संजय सिंह को बीते मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट ने 2 लाख रूपए के जमानती बाॅन्ड और 2 लाख रूपए के सिक्योरिटी अमाउंट पर जमानत दे दी। हालाकि मंगलवार को औपचारिकताएं पूरी नहीं हो सकीं लेकिन आज बुधवार को सुबह संजय की पत्नि अनीता सिंह पहुंची और सभी औपचारिकताएं पूरी करते हुए शाम तक संजय सिंह तिहाड़ जेल से रिहा होकर बाहर आ गए।
ज्ञात हो कि संजय सिंह रिहाई से पहले अस्पताल में भर्ती थे। उनका लीवर से जुड़ी समस्याओं के चलते इलाज चल रहा था। उनकी रिहाई का आर्डर मंगलवार को जारी हो चुका था लेकिन बुधवार दोपहर लगभग 12 बजे उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिली, उसके बाद रिहाई की औपचारिकताएं पूर्ण की गयीं। तिहाड़ जेल के बाहर सुरक्षा के लिहाज से भारी मात्रा में पुलिस बल तैनात किया गया। जेल के बाहर भारी संख्या में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता मौजूद थे।
तिहाड़ जेल से बाहर आते ही संजय सिंह अपने बयान में कहा कि जेल के ताले टूटेंगे, केजरीवाल, सिसोदिया और सत्येन्द्र छूटेंगे। जश्न की तैयारी से ढोल-नगाड़े लेकर पहुंचे कार्यकर्ताओें से संजय ने कहा यह जश्न मनाने का समय नहीं संघर्ष का समय है। ज्ञात हो कि 2 अप्रैल मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के दौरान जब ईडी से सवाल किया गया कि क्या संजय सिंह को अभी और जेल में रखने की जरूरत है। कोर्ट ने ईडी से कहा 6 महीने जेल में रखने के दौरान संजय सिंह के खिलाफ कोई सबूत नहीं मिला, ईडी बताए वो क्या करना चाहती है, इस पर ईडी की ओर से कहा गया कि उन्हें संजय सिंह की जमानत पर कोई आपत्ति नहीं है। इसके बाद सुप्रीम कोर्ट ने आप नेता संजय सिंह की जमानत के आर्डर जारी किए।