ED ने तृणमूल कांग्रेस की पूर्व सांसद महुआ मोइत्रा के खिलाफ केस दर्ज किया
नई दिल्ली, 2 अप्रैल। तृणमूल कांग्रेस की पूर्व सांसद महुआ मोइत्रा पर प्रवर्तन निदेशायल ने पीएमएलए भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। सीबीआई की एफआईआर के आधार पर यह केस दर्ज किया गया है। ज्ञात हो कि दिसंबर 2023 में महुआ मोइत्रा के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें लोकसभा से निष्कासित कर दिया गया था। बीजेपी नेता निशिकांत दुबे ने महुआ पर आरोप लगाया था कि संसद में सवाल पूछने के बदले में उन्होंने कारोबारी दर्शन हीरानंदानी से पैसे लिए थे।
निशिकांत दुबे के आरोपों के बाद ये मामला काफी उछला। बीजेपी के तमाम नेताओं ने महुआ के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की मांग की। बाद में जांच में दोषी पाये जाने पर महुआ की संसद सदस्यता चली गई। यहां तक कि महुआ का सरकारी बंगला भी छिन गया। टीएमसी नेता महुआ मोइत्रा एक बार फिर चुनावी मैदान में हैं। महुआ पश्चिम बंगाल के कृष्णानगर निर्वाचन क्षेत्र से टीएमसी के टिकट पर चुनाव लड़ रही हैं। महुआ के सामने बीजेपी के टिकट पर राजमाता अमृता रॉय चुनाव लड़ रही हैं। साल 2019 के लोकसभा चुनाव में महुआ को यहां से आसान जीत मिली थी। उन्होंने बीजेपी के कल्याण चौबे को हराया था। लेकिन इस साल राजमाता से उन्हें कड़े मुकाबला का सामना करना पड़ रहा है।