एक दिन में कोरोना के 702 नए मामले, देशभर में अब तक संक्रमित 4097

नई दिल्ली, 28 दिसंबर। कोरोना के नए वैरिएंट ने देश भर में खलबली मचा दी है हालाकि स्वास्थ्य मंत्रालय ने निर्देश जारी कर कहा है कि डरें नहीं सावधान रहें। देश में एक दिन में कोविड-19 के 702 मामले दर्ज किए गए। इन्हें मिलाकर देश में अब तक संक्रमितों की संख्या 4097 हो गई।
गौरतलब है कि बीते 24 घंटों में 6 मरीजों की मौत हुई है, इनमें 2 महाराष्ट्र से और क्रमशः कर्नाटक, केरल, पश्चिम बंगाल, दिल्ली से एक-एक मरीज हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय ने सतर्क रहने के निर्देश देते हुए लोगों से अधिक भीड़ वाली जगहों पर न जाने की भी सलाह दी। कोविड की नई दहशत के बीच दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सौरभ भारद्वाज ने पॉजीटिव केस की जानकारी के लिए जीनोम सिक्वेंसिंग का निर्देश दिया है ताकि JN.1 मामले की पुष्टि हो सके। दिल्ली सरकार ने कहा है कि राजधानी में कोविड टेस्ट को बढ़ा दिया गया है। बुधवार को 636 टेस्ट किए गए हैं। बुधवार को ही दिल्ली में JN.1 के पहले मामले की पुष्टि हुई है। सौरभ भारद्वाज ने कहा है कि कल तीन केस की पुष्टि की गई, जिनमें से दो पुराने ओमिक्रॉन वैरिएंट के केस थे जबकि एक नया जेएन 1 का वैरिएंट था। अच्छी बात यह है कि नए वैरिएंट से पीड़ित जिस मरीज को अस्पताल में भर्ती कराया गया था, उसे छुट्टी दे दी गई है। उन्होने बताया कि 52 साल की एक महिला JN1 वैरिएंट से पीड़ित थी। हालांकि इस वैरिएंट से ज्यादा आतंकित होने की जरूरत नहीं। फिलहाल चार मरीज अस्पताल में हैं। उन्होंने लोगों से कहा कि जो लोग लंबे समय से अस्वस्थ हैं, वे भीड़-भाड़ वाली जगहों से बचें।