यूक्रेन में रूस के तीन FSB अधिकारियों को जहर देकर मार दिया
25 नवंबर। यूक्रेन के खाने में जहर मिलाकर रूस की फेडरल सिक्योरिटी सर्विस के तीन अधिकारियों के मारे जाने के बाद रूसी सेना ने बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। द सन की रिपोर्ट के मुताबिक जिस रेस्तरां में भोजन और शराब पहुंचाई गई थी, उसकी तलाशी की गई, लेकिन जहर का कोई निशान हाथ नहीं लगा। दावा ये भी किया जा रहा है कि अधिकारियों को जिस शख्स ने खाना पहुंचाया था वह भी मौके पर नहीं मिला।
रूस के फेडरल सिक्योरिटी सर्विस के तीन अधिकारियों को जहर देकर मारे जाने की पुष्टि कीव पोस्ट में की गई है। इसके अलावा मेलिटोपोल के निर्वासित मेयर इवान फेडोरोव ने भी इसकी पुष्टि की है। यूक्रेनी टीवी चैनल यूनाइटेड न्यूज से बातचीत में फेडोरोव ने कहा कि-‘अधिकारियों ने एक स्थानीय कैफे से खाना ऑर्डर किया था, जब उन्होंने इसे खाया तो जहर से उनकी मौत हो गई’। मेयर ने भी कहा कि- ये दिलचस्प है कि वे उस व्यक्ति को नहीं ढूंढ पा रहे हैं, जिसने खाना पहुंचाया था। उन्होंने कहा कि यह उन लड़ाकों का काम है जो रूस के हमले से नाराज हैं और लगातार यूक्रेन के लिए लड़ाई लड़ रहे हैं।