बिना ड्रायविंग लायसेंस, हेलमेट व नशे की हालत में वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई करें…

नरसिंहपुर :- कलेक्टर शीतला पटले की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक सम्पन्न हुई। आयोजित बैठक में सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और यातायात नियमों का बेहतर रूप से संचालन करने के संबंध में चर्चा की गई। इस अवसर पर ब्लैक स्पॉट, गति सीमा, यातायात नियमों का पालन, सड़क निर्माण कार्यों के दौरान डायवर्सन मार्ग के संकेत, जेब्रा क्रॉसिंग, ब्रेकर, नशे की हालत में वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई और विगत वर्षों में सड़क दुर्घटना से मृतकों का तुलनात्मक स्थिति के संबंध में चर्चा की गई। जिससे सड़क मार्ग में होने वाली दुर्घटनाओं से होने वाली मृत्यु की संख्या में कमी लाई जा सके। बैठक में अपर कलेक्टर अंजली शाह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप भूरिया, संयुक्त कलेक्टर वंदना जाट, एसडीएम नरसिंहपुर मणिन्द्र कुमार सिंह, जिला परिवहन अधिकारी, यातायात प्रभारी और अन्य अधिकारी मौजूद थे।
      कलेक्टर ने बैठक में जिले के सड़क मार्गों में ब्लैक स्पॉट (दुर्घटना संभावित क्षेत्र) की समीक्षा की। उन्होंने ब्लैक स्पॉट क्षेत्र में सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए यातायात नियमों का पालन कराने के निर्देश दिए, जिससे ब्लैक स्पॉट क्षेत्र में सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सके। बैठक में थाना क्षेत्रांतर्गत होने वाले सड़क दुर्घटनाओं तथा उनके कारणों की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने जिले की सड़कों की मरम्मत की स्थिति के संबंध में समीक्षा की। उन्होंने बिना हेलमेट, बिना ड्रायविंग लायसेंस और नशे की हालत में वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। सड़कों की व्यवस्था दुरूस्त रखने के लिए नियमित रूप से सड़क मार्गों की स्थिति पर निगरानी रखने को कहा। ब्लैक स्पॉट क्षेत्रों में सांकेतिक चिन्ह एवं दुर्घटना के बचाव के लिए समुचित व्यवस्थाएं दुरूस्त करने के निर्देश दिए।
      कलेक्टर ने निर्देशित किया कि सड़क के मोड़ और साईड शोल्डर में सुधार करें और सड़कों के आसपास की झाड़ियों की कटाई की जाये, जिससे वाहन दुर्घटना की संभावना न रहे। उन्होंने कहा कि सांकेतिक चिन्ह के बोर्ड सड़कों पर अनिवार्य रूप से लगाए जाएं। आयोजित बैठक में सड़क दुर्घटना से पीड़ित व्यक्तियों के लिए एम्बुलेंस तथा आपतकालीन चिकित्सा सुविधा के संबंध में समीक्षा की गई। उन्होंने कहा कि दुर्घटना से पीड़ित व्यक्तियों को मुआवजा देने की कार्रवाई का निपटारा निर्धारित समय सीमा में करें। इसके लिए विभागीय अधिकारी निर्धारित समय में आवेदकों से आवेदन पत्र प्रस्तुत करवा लें। बैठक में वाहनों और दोपहिया वाहन की दुर्घटना से मृत्यु होने के संबंध में भी समीक्षा की गई।
      कलेक्टर ने निर्देशित किया कि यातायात नियमों व सड़क सुरक्षा के संबंध में होर्डिंग्स या पोस्टर के माध्यम से प्रचार- प्रसार किया जाए। उन्होंने नगरीय क्षेत्रों की दुकानें व्यवस्थित तरीके से लगाने के निर्देश दिए। दुकानदार दुकान लगाने के लिए सड़क मार्ग में अतिक्रमण न करें, जिससे यातायात व्यवस्था बाधित न हो। कलेक्टर ने आयोजित बैठक में राहवीर योजना एवं हिट एंड रन मोटरयान दुर्घटना, पीड़ित प्रतिकार योजना 2022 की भी समीक्षा की। उन्होंने सड़क दुर्घटना से पीड़ित व्यक्ति की मदद करने वाले व्यक्ति को राहवीर योजना से लाभांवित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर नशे की हालत में वाहन चलाने पर होने वाले सड़क दुर्घटना के प्रकरणों के संबंध में भी समीक्षा की गई।