नुक्कड़-नाटक से लोगों को साइबर अपराधों को लेकर किया जागरूक

उमरिया . वर्तमान में बढ़ते साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने के लिये, इसके प्रति लोगों में जागरूकता लाने के उद्देश्य से पुलिस मुख्यालय के निर्देशन व उमरिया पुलिस अधीक्षक निवेदिता नायडू एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रतिपाल सिंह महोबिया के मार्गदर्शन पर पाली पुलिस के द्वारा गांव-गांव में पहुंचकर साइबर सेफ जागरूकता अभियान का आयोजन कर लोगों को सतर्क कर रहे।
इसी क्रम में पाली थाना व नगर रक्षा समिति सदस्यों के द्वारा ग्राम पंचायत मालियागुड़ा के तिराहे में ग्रामीणों को इकट्ठा कर लोगों को नुक्कड़ नाटक के माध्यम से साइबर क्राइम कैसे होता है। उसके बारे में जानकारी दी जाएगी। साथ ही बचाओ के उपाय भी बताए। नाटक में मुख्य किरदार निभा रहे पाली थाना प्रभारी मदनलाल मरावी, प्रधान आरक्षक शैलेंद्र दुबे,हिमांशु तिवारी,खुशबू बर्मन,मुस्कान महोबिया ने आम जनता को बताया कि किस प्रकार विभिन्न सरकारी एजेंसी-सीबीआई, ईडी, क्राइम ब्रांच,सीआईडी पुलिस आदि के फर्जी अधिकारी का डर दिखाकर ये साइबर क्रिमिनल्स, हमें अपने जाल में फंसाते है।
पुलिस अधीक्षक निवेदिता नायडू ने कहा कि, हमारा मुख्य उद्देश्य है कि लोगों को साइबर फ्रॉड से बचाया जाए। साइबर ठग तरह-तरह के हथकंडे अपनाकर लोगों को अपने झांसे में लेकर साइबर फ्रॉड करते हैं।
नाटक के अंत में पाली थाना प्रभारी मदनलाल मरावी ने सभी को बताया कि पुलिस कभी भी किसी अपराधी को फिजिकली ही गिरफ्तार करती है, डिजिटल अरेस्ट जैसा कुछ नही होता। यदि आपको कोई डर दिखाकर डिजिटल अरेस्ट के नाम पर कोई कॉल आएं तो न घबराएं और तुरंत 1930 पर संपर्क करें।इस दौरान पुलिस टीम ने करीब 300 लोगों को साइबर अवेयरनेस हेतु बनाये पम्पलेट्स वितरित कर, उन्हें विभिन्न साइबर फ्रॉड की जानकारी दी, और स्वयं जागरूक रहकर, साइबर जागरूकता को बढ़ाने में योगदान देने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान पाली थाना प्रभारी मदनलाल मरावी, प्रधान आरक्षक शैलेंद्र कुमार दुबे,मालियागुड़ा पंचायत सरपंच लक्ष्मी लोकनाथ सिंह मरावी,पुलिस वालंटियर हिमांशु तिवारी,खुशी सेन,खुशबू बर्मन, मुस्कान महोबिया,दीपिका सिंह मरकाम, एकता सोनी, शालिनी महोबिया व समस्त ग्रामीण वासी उपस्थित रहे ।