विश्व दिव्यांग दिवस पर युवा टीम ने खेलकूद कार्यक्रम आयोजित किया

उमरिया- विश्व दिव्यांग दिवस के अवसर पर उमरिया कलेक्टर धरणेन्द्र कुमार जैन के मार्गदर्शन पर जिले की सक्रिय युवाओं की टोली युवा टीम उमरिया द्वारा बिरसिंहपुर पाली के वार्ड नंबर 14 में खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य समाज में दिव्यांगजनों के प्रति संवेदनशीलता बढ़ाना और उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता फैलाना था। दिव्यांग बच्चों की इस प्रतियोगिता मुख्य रूप से कुर्सी रेस,रस्सी दौड़ व 50 मीटर दौड़ में प्रथम स्थान रोहित पासी, द्वितीय स्थान प्रियंका कोल व तृतीय स्थान दिशा साहू ने प्राप्त किया।
खेलकूद प्रतियोगिता के दौरान मुख्य अतिथि के रूप में उमरिया पुलिस के पाली थाना प्रभारी मदनलाल मरावी उपस्थित रहे। थाना प्रभारी मदनलाल मरावी ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में सहायक होते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि दिव्यांगजन समाज का महत्वपूर्ण हिस्सा है, उनके सशक्तिकरण के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना चाहिए।उन्होंने प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले बच्चों की सराहना करते हुए कहा कि खेल-कूद में बच्चों ने अपनी क्षमता और उत्साह का प्रदर्शन किया।
टीम लीडर हिमांशु तिवारी ने बताया कि यह पहल समाज में दिव्यांगजनों के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने और उन्हें मुख्यधारा में लाने की दिशा में एक कदम है। आयोजकों ने भविष्य में इस तरह के और भी कार्यक्रम आयोजित करने का आश्वासन दिया। कार्यक्रम के दौरान विजेताओं को पुरस्कृत किया गया और सभी प्रतिभागियों को प्रोत्साहन में मैडल प्रदान किए गए।इस दौरान पुलिस पाली थाना प्रभारी मदनलाल मरावी, प्रधान आरक्षक कमलेश अहिरवार, युवा हिमांशु तिवारी, वर्षा बर्मन, मुस्कान महोबिया, सोनिया पटेल,खुशी पाठक, लष्मी महोबिया, अनुसुइया दहिया, अनीता रौतेल,सुलेखा राठौर,साक्षी रैदास,संजना केवट व सभी उपस्थित रहे।