हम होंगे कामयाब पखवाड़ा 25 नवंबर से 10 दिसंबर तक जागरूकता अभियान आयोजित
उमरिया, 25 नवंबर। हमारी बेटियों और बहनों की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना आवश्यक है। बेटियों और बहनों की सुरक्षा और सम्मान केवल सरकार या पुलिस की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि समाज के हर व्यक्ति की जिम्मेदारी है। इस दृष्टि से 25 नवम्बर से 19 दिसम्बर तक हम होंगे कामयाब पखवाड़ा मनाने जा रहे हैं। इसमें पुरूष वर्ग की भूमिका ज्यादा अहम है। पुरूष अपनी सोच और व्यवहार में बदलाव लाकर समाज में फैले नकारात्मक दृष्टिकोण को चुनौति दे सकते हैं, जो महिलाओं के प्रति हिंसा का मुख्य कारण है। अभियान के सफल संचालन के लिए समस्त विभाग प्रमुख के साथ ही आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, ए एन एम, आंगनबाड़ी सहायिका का सहयोग लिया जाए । उक्त आशय के निर्देश कलेक्टर धरणेन्द्र कुमार जैन ने कलेक्टर सभागार में आयोजित हम होंगे कामयाब अभियान की समीक्षा करते हुए दिए। आपने कहा कि अभियान से जुड़े विभाग प्रमुख अपनी कार्य योजना तैयार करें एवं निर्धारित तिथि पर कार्यक्रम संपन्न कराना सुनिश्चित करें।जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग ने बताया कि अभियान के तहत 26 नवंबर को युवाओं के साथ जेंडर आधारित हिंसा पर संवाद, जेंडर आधारित हिंसा का मनो वैज्ञानिक प्रभाव विषय पर चर्चा , जेंडर आधारित मुददो से निपटने पर आंगनबाडी कार्यकर्ताओ, बाल देखभाल संस्थान के कर्मचारियों, वन स्टाप सेंटर, शक्ति सदन, शौर्य दल और शक्ति निवास तथा महिला डेस्क कर्मियो के लिए वेबिनार कार्यशाला का आयोजन महिला एवं बाल विकास विभाग, गृह विभाग, विधिक सेवा सालसा एवं डालसा के माध्य्ाम से होगा।
इसी तरह 27 नवंबर को बाल विवाह निशेष जागरूकता, 28 नवंबर को सोशल मीडिया अभियान, 29 नवंबर को घरेलू हिंसा रोकथाम, 30 नवंबर को कानूनी जागरूकता कार्यशालाएं, 2 दिसंबर को पीसी एण्ड पी एन डीटी अधिनियम के संबंध जागरूकता, 3 दिसंबर को समुदाय में जेंडर उन्मुखीकरण, 4 दिसंबर को संस्थागत संबंधों को मजबूत करने पर चर्चा, 5 दिसंबर को सकारात्मक मर्दानगी, पुरूषत्व विषय पर संवेदीकरण, 6 दिसंबर को आपातकालीन हेल्पलाइन एवं साइबर सुरक्षा पर जागरूकता, 7 दिसंबर को कार्यस्थल पर महिलाओं का यौन उत्पीड़न एवं सुरक्षा, 9 दिसंबर को साइबर सुरक्षा एवं डिजिटल साक्षरता तथा 10 दिसंबर को अभियान का समापन होगा। कार्यक्रम का अयोजन महिला एवं बाल विकास विभाग, पुलिस विभाग, विधिक सेवा डालसा, जनसंपर्क विभाग, पंचायत ग्रामीण विकास विभाग, अल्पसंख्यक तथा अनुसूचित जाति कल्यांण विभाग, धर्मस्व विभाग, उच्च शिक्षा विभाग, शिक्षा विभाग के सहयोग से आयोजित किया जाएगा ।
बैठक में अपर कलेक्टर शिवगोविंद सिंह मरकाम, एसडीएम बांधवगढ रीता डेहरिया, एसडीएम मानपुर कमलेश नीरज, एसडीएम पाली टी आर नाग, डिप्टी कलेक्टर मीनांक्षी इंगले, अंबिकेश प्रताप सिंह, हरनीत कौर सहित जिला प्रमुख अधिकारी उपस्थित रहे।