बदमाशों ने दिन-दहाड़े चलायीं 32 गोलियां- पुलिस का खौफ नहीं
जयपुर, 9 सितंबर। बीते रविवार को सुबह 6 बजे राजस्थान के नीमराना क्षेत्र में स्थित होटल हाईवे किंग पर दो बदमाशों ने 32 गोलियां चलाकर दहशत फैला दी। हालांकि बदमाशों ने किसी की हत्या नहीं की, लेकिन होटल के मालिक को संदेश दिया कि होटल चलाना है तो पांच करोड़ रुपए देने होंगे। दोनों बदमाश फायरिंग कर एक मोटर साइकिल पर बैठ कर फरार हो गए। जिस अंदाज में दोनों बदमाशों ने फायरिंग की उस से साफ जाहिर था कि बदमाशों को राजस्थान पुलिस का कोई डर नहीं है। बदमाशों को पता है कि होटल मालिक की मदद पुलिस नहीं कर पाएगी। होटल मालिक को पांच करोड़ रुपए देने ही पड़ेंगे। एक साथ 32 गोलियां चलने से होटल मालिक की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है। होटल मालिक के कानों में हर वक्त गोलियों की आवाज सुनाई दे रही है।
गौरतलब है कि जब दो बदमाश दिन दहाड़े 32 गोलियां चलाकर फरार हो सकते हैं, तब होटल मालिक के साथ कुछ भी हो सकता है, दो बदमाशों ने गोलियां तब चलाई जब बदमाशों की गैंग का मुखिया कौशल चैधरी जेल में बंद है। यानी कौशल चैधरी ने जेल में बंद रहते हुए हाईवे किंग होटल पर गोलियां चलवा दीं। कौशल चैधरी को भी पता है कि होटल का मालिक चुपचाप पांच करोड़ रुपए दे देगा, क्योंकि अजमेर से लेकर दिल्ली तक के नेशनल हाईवे पर होटल हाईवे किंग नाम के कई होटल संचालित है। सभी होटल कई बीघा भूमि पर बने हुए हैं और चैबीस घंटे ग्राहकों की भीड़ रहती है। यदि राजस्थान पुलिस का डर होता तो कौशल गैंग के बदमाश दिन दहाड़ गोलियां नहीं चला सकते थे। पुलिस का दावा है कि बदमाशों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। लेकिन बदमाशों की गिरफ्तारी से कोई फर्क नहीं पड़ता। जेल में तो गैंग का मुखिया कौशल चैधरी भी बैठा है। असल में डर राजस्थान पुलिस का होना चाहिए।