बांग्लादेश में अंतरिम सरकार का गठन- मो. यूनुस ने ली शपथ
ढाका, 8 अगस्त। बांग्लादेश में तख्ता पलट के बाद नोबेल पुरस्कार विजेता मोहम्मद यूनुस (84) ने अंतरिम सरकार के प्रमुख के रूप में शपथ ली। राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन ने राष्ट्रपति भवन ‘बंगभवन’ में उन्हें गुरूवार को पद की शपथ दिलायी। बांग्लादेश में हिंसक विरोध प्रदर्शनों के बाद शेख हसीना ने प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा देकर देश छोड़ दिया था। जिसके बाद सेना ने अंतरिम सरकार के गठन का ऐलान किया था। ज्ञात हो कि अंतरिम सरकार को देश में फिर से चुनाव कराने की जिम्मेदारी दी गई है।
मोहम्मद यूनुस के अंतरिम सरकार के प्रमुख के रूप में शपथ लेने के बाद भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें बधाई दी। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर एक पोस्ट में लिखा कि प्रोफेसर मोहम्मद यूनुस को उनकी नई जिम्मेदारी संभालने पर मेरी शुभकामनाएं। हम उम्मीद करते हैं कि स्थिति जल्द ही सामान्य हो जाएगी और हिंदुओं और अन्य सभी अल्पसंख्यक समुदायों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी। भारत शांति, सुरक्षा और विकास के लिए दोनों देशों के लोगों की साझा आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए बांग्लादेश के साथ काम करने के लिए प्रतिबद्ध है।