वायनाड में भूस्खलन से दिखा तबाही का मंजर, शव नहीं शवों के टुकड़े मिल रहे
वायनाड, 30 जुलाई। केरल के वायनाड में मंगलवार को अनेक स्थानों में भूस्खलन होने से चारों ओर हाहाकार मच गया। तबाही का मंजर ऐसा था कि देखते ही देखते दर्जनों लोग असमय काल के गाल में समा गए। नदियोें में उफान इस कदर था कि मकान तो जमींदोज हुए ही पूरे के पूरे गांव भी गायब होते नजर आए। बताया जा रहा है कि इस भूस्खलन में कम से कम 123 लोगों की मौत हो गई। वहीं सैकड़ों लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका व्यक्त की जा रही है जिसके चलते मौतों का आंकड़ा बढ़ सकता है। केरल सरकार ने भूस्खलन में लोगों की मौत के बाद प्रदेश में दो दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है। मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने बताया कि इस घटना में मरने वाले 54 व्यक्तियों के शवों की पहचान की जा चुकी है। इनमें से 18 शव मृतकों के परिवारों को सौंप दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश के पोथुकल में चलियार नदी से 16 शव मिले हैं। इसके अलावा शवों के टुकड़े भी बरामद किए गए हैं।